कानपुर हादसे में मरने वाली कल्पना का छोटा भाई अंशुमान आजादनगर स्थित नंदलाल खन्ना स्कूल की जूनियर शाखा में पढ़ता था। चालक अमित ने मकड़ीखेड़ा स्थित घर से दोनों भाई बहन को ई-रिक्शा में बैठाया और भव्या, सात्विक व कर्तव्य के साथ स्कूल छोड़ने के लिए सुबह करीब पौने सात बजे निकल पड़ा।
अंशुमान अकेले जूनियर स्कूल में पढ़ता था। इसलिए अमित ने पहले अंशुमान को छोड़ा और फिर आरबीआई कॉलोनी के सामने स्थित स्कूल की तरफ बढ़ चला। पांच मिनट में ई-रिक्शा डॉलफिन चौराहा पहुंचा ही था कि हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पिता विनोद कुमार और मां दुर्गा अस्पताल पहुंच गए।
सभी का रो-रोकर बुरा हालत था। वहीं, मासूम अंशुमान भी बेसुध सा बैठा बहन के शव को एकटक देखता रहा। हादसे से थोड़ी देर पहले तक वह बहन के साथ था, लेकिन अब दो महीने बाद पड़ने वाले रक्षाबंधन के पर्व पर इस साल उसकी कलाई सूनी रहेगी। वो बोला कि मैं होता, तो शायद ऐसा न होता। मेरे बगल में होती, तो पकड़ लेता
एनएलके स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र सात्विक वर्मा ने बताया कि वह ई-रिक्शे की सबसे पीछे की सीट पर अपनी सहपाठी भव्या प्रताप के साथ बैठा था, जबकि कल्पना ओर कर्तव्य चालक अमित के पीछे की सीट पर थे। रास्ते में बाएं तरफ से कार ने जोरदार टक्कर मारी। लगा जैसे पलट गई दुनिया
कर्तव्य ने बताया कि टक्कर होने पर एक आवाज आई और ऐसा लगा जैसे पूरी दुनिया ही पलट गई। सर ई-रिक्शे के साइड में लगे लोहे के रॉड से टकराया, तो सर घूम गया। चंद सेकेंड बाद जब होश आया, तो पता चला कि टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया था। गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
डॉलफिन चौराहे पर हुए हादसे के बाद नवाबगंज पुलिस ने कल्पना के पिता विनोद कुमार की तहरीर पर कार चला रहे नाबालिग छात्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, हादसे के बाद पकड़े जाने के समय ड्राइविंग सीट पर मौजूद रहे कार चालक भैरव झा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शी बोले- कार किशोर चला रहा था
सूत्रों के अनुसार झा ने स्वीकार किया है कि वह गाड़ी चला रहा था। हालांकि घटना के चश्मदीदों के अनुसार कार किशोर छात्र चला रहा था और हादसा होते ही वह कार से उतर गया, जबकि उसकी जगह बगल की सीट पर बैठा चालक ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया
उधर, एसीपी कर्नलगंज अकमल खान ने बताया कि मामला दर्ज करने के साथ ही आरोपी के परिजनों से उम्र के संबंध में दस्तावेज मांगे गए हैं। उनके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ाएगी। हादसे के बाद कल्पना का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में सर पर लगी और चोट और ज्यादा खून बहने की वजह से मौत की बात सामने आई है।
