रीवा
रीवा जिले शाहपुर थाना अंतर्गत खटखरी स्थित हाईवे में अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में दो चचेरी बहनों समेत एक भाई की मौके पर मौत हो गई है। दुर्घटना में तीनों छात्रों के सिर कुचल कर विखर गए। ऐसे में तीनों छात्रों की पहचान कर पाना मुश्किल था। बीच हाईवे में लाश पड़ी होने के कारण जाम लग गया। इधर हादसे की सूचना के बाद पहुंचे परिजनों ने चक्काजाम कर दिया है।
बड़ी दुर्घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हुई। वहीं एसडीओपी सहित अन्य थानों का बल भी पहुंच गया। काफी समझाइश के बाद दो बहनों व बाइक चला रहे एक भाई के शव को पीएम के लिए मऊगंज अस्पताल भिजवाया गया है। जहां चिकित्सकों ने पीएम के उपरांत डेड बॉडी परिजनों को सौंप दी है। इधर शाहपुर पुलिस ने आरोपी ट्रेलर को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है।
शाहपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बालकेश सिंह ने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब 1.30 बजे हनुमना परीक्षा केन्द्र से धरमपुरा गांव निवासी ताज बाबू पुत्र अजान मुल्ला अंसारी (18) अपनी दो चचेरी बहन सुममू अंसारी पुत्री मो. सम्मीद अंसारी (16) और रीनू अंसारी पुत्री शमशेर अली (16) के साथ नेशनल हाईवे 30 के रास्ते घर लौट रहे थे।
तभी खटखरी के पास साइकिल सवार अंतिमा पाण्डेय पुत्र गिरीश पाण्डेय (18) और प्रिया साकेत पुत्र रामलोचन साकेत (18) दोनों निवासी हर्डिहाई सामने से जा रही थी, जबकि बगल से ट्रेलर जा रहा था। ऐसे में दोनों के बीच से निकलने की कोशिश की। तभी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रेलर की तरफ बहक गई। जिससे तीनों गिर गए और ट्रेलर का पहिया चढ़ गया। सिर में पहिया चढ़ने से तीनों की मौके पर मौत हो गई।
तीन घंटे जाम रहा हाईवे
रीवा-हनुमना फोरलेन हाईवे में बड़े हादसे की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन के जिम्मेदारों को सूचना दी गई। जानकारी के बाद हनुमना एसडीएम अखिलेश सिंह, मऊगंज एसडीओपी शैलेन्द्र शर्मा सहित शाहपुर, मऊगंज, हनुमना थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। इसके बाद परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन देने के तीन घंटे बाद जाम खुलवाया गया।
