राजनांदगांव। रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता के शानदार 42 रनों की पारी व नरेंद्र झा की घातक गेंदबाजी के चलते पुलिस लाईन ने रोमांचक व संघर्ष फाइनल मैच में पीटीएस राजनांदगांव को 17 रन से हराकर जिला पुलिस बल द्वारा आयोजित शहीद कप टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा कर लिया। पुलिस के नरेंद्र झा मैन आफ द मैच रहे। मनोहर निषाद बेस्ट बल्लेबाज व स्पर्धा के सर्वश्रेष्ठ खिलाडी घोषित किये गये। महिला क्रिकेट में पुलिस परिवार कुरूक्षेत्र ने पुलिस लाईन को पराजित किया।
आयोजन बहुत ही भव्य व रोमांचक रहाः जिला पुलिस बल द्वारा रक्षित केंद्र में आयोजित शहीद कप क्रिकेट प्रतियोगिता 2022 के अंतिम दिन गुरुवार को आयोजन बहुत ही भव्य व रोमांचक रहा। दर्शकों की भारी संख्या में उपस्थिति के मध्य खेला गया फाइनल मैच काफी रोमांचक व संघर्षपूर्ण रहा जिसमें पुलिस लाईन ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए पीटीएस को 17 रनों से पराजित करते हुए शहीद कप पर कब्जा किया।
पुलिस टीम के कप्तान भूपेंद्र गुप्ता ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया जो उनके टीम के लिये सही निर्णय साबित हुआ। पुलिस लाईन ने निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट खोकर 130 रन बनाए थे जिसमें भूपेंद्र गुप्ता 42, तारकेश 28, गोपाल का 22 रन का योगदान था।
आइजी व कलेक्टर ने बांटे पुरस्कार प्रतियोगिता का समापन व पुरूस्कार वितरण दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओपी पाल, कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा, आईटीबीपी के उपमहानिरीक्षक ओपी यादव, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, पीटीएस के पुलिस अधीक्षक इरफान उल रहीम खान के आतिथ्य व पुलिस व प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारियों व खेल प्रेमी जनता के मध्य आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि पाल ने शहीदों को नमन करते हुए इस भव्य आयोजन के लिये जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह व उनकी पुरी टीम को बधाई देते हुए तहा कि भविष्य में भी किक्रेट के साथ अन्य खेलों को भी प्रोत्साहित करने के दृष्टिकोण से आयोजन कराया जाना चाहिए।
उन्होंने रोमांचक फाइनल मैच में विजेता व उपविजेता टीम के साथ ही स्पर्धा में भाग लेने वाली समस्त टीमों को अच्छे खेल व सहयोग के लिये बधाई व शुभकामनांए दी। जिले के कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने शहीदों के सम्मान में होने वाले इस आयोजन को सफल आयोजन बताते हुए आयोजकों के साथ ही फाइनल विजेता व उपविजेता टीम को बधाई व शुभकामनांए दी।
पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि शहीद पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों को व जवानों की याद में कराया जाता हैं उन्हें सभी श्रद्धांजलि देते हैं।भव्य व अच्छे आयोजन के लिये रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता व उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में सम्मिलित होने वाली सभी टीमों के अच्छी खेल भावना से खेलने व आयोजन को सफल बनाने व सहयोग के लिये शुभकामनांए दी।
नाटक में नशा से दूर रहने का संदेश
आयोजन के मध्य में दोनों टीमों खिलाडियों से अतिथियों ने परिचय प्राप्त किया वही पुलिस के जवानों द्वारा नशा के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान निजात के तहत नशा से दूर रहने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया। वहीं साइबर क्राइम में हो रही धोखाधड़ी से बचने का भी संदेश दिया गया।
