खुज्जी-उमरवाही मार्ग पर क्षमता से अधिक वजनी ट्रकें चलने से सड़क और भी बदहाल होते जा रही है। इस सड़क की दस टन की क्षमता है, वहीं इस मार्ग में 25 से 30 टन की गाड़ियां प्रतिदिन गुजर रही है। शिकायत के बाद भी विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्रीय ग्रामीण दस साल से उक्त सड़क चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि पीडब्ल्यूडी से संभव नहीं है तो इस मार्ग को प्रधानमंत्री सड़क योजना में जोड़ दिया जाए। बदहाल सड़क की सांसद संतोष पांडेय के मद से वर्तमान में गड्ढों में डामरीकरण किया जा रहा है, जब से गड्ढों में डामरीकरण किया गया है तब से ओवरलोड गाड़ियां यहां फर्राटे भरते हुए गुजर रही है। क्षेत्रीय निवासी लक्ष्मीचंद जैन ने सड़क की दुर्दशा पर ध्यानार्कषण कराया। वहीं सरपंच बरबसपुर रूपेश साहू, निजामुद्दीन, रामसाय उके, पूर्व सरपंच गुण्डरदेही चिन्तुराम खरे समेत अन्य ग्रामीणों ने ओवरलोड गाड़ियों को इस मार्ग पर चलने से रोकने मांग की है।
