राजनंदगांव, शिव सेवा मंडल एवं पूज्य सिंधी पंचायत राजनांदगांव के तत्वाधान में महाशिवरात्रि पर्व को यादगार एवं ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप मनाया जाता है lइस परिपेक्ष में इस वर्ष 28 फरवरी दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक 1080 पार्थीव शिवलिंग की पूजा एवं रुद्राभिषेक का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें दोपहर 3:00 बजे उज्जैन से पधारे राजाधिराज भगवान महाकाल की मूर्ति एवं पालकी उत्सव जो कि हेमू कलानी नगर में भ्रमण करते हुए बाजे गाजे के साथ स्थापित किया जाएगा ।
संस्था के सचिव कमल चिचेरिया ने बताया कि रात्रि 8:00 बजे एक शाम भोले के नाम का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा । शिव सेवा मंडल के अध्यक्ष आवतराम तेजवानी ने बताया कि पूरे प्रदेश भर से समाज के गणमान्य नागरिक हेमू कलानी नगर में शिवरात्रि के दिन निकलने वाली दिव्य एवं भव्य बरात के दर्शन हेतु अवश्य आते हैं, उन्होंने बताया कि इस वर्ष 1 मार्च मंगलवार को शाम 6:00 बजे भव्य बरात रथ भूत प्रेतों एवं शिव भक्तों के साथ निकाली जाएगी,जो कि शिव मंदिर से प्रारंभ होकर कॉलोनी का भ्रमण करते हुए दुर्गा मंदिर के प्रांगण पहुंचेगी जहां पर महा प्रसादी का आयोजन एवं विवाह समारोह की रस्म निभाई जाएगी एवं यादगार पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों से शिव एवं पार्वती का शुभ विवाह संपन्न होगा शिव सेवा मंडल के अनिल तेजवानी एवं अनिल गंगवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम को देखने हेतु भक्तों की भीड़ आतुर रहती है और दूर-दूर से लोग शिवरात्रि के दिन उमड़ पड़ते हैं उन्होंने सभी धर्म प्रेमी बंधुओं को इस आयोजन में शामिल होकर लाभ लेने की अपील की।
