राजनांदगांव। जिले से सटे महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश दोनों पड़ोसी राज्यों से शराब की तस्करी का सिलसिला थम ही नहीं रहा है। शराब तस्करी के मामले में जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले दो दिन में ही जिला पुलिस ने मध्यप्रदेश की 64 से अधिक पेटी विदेशी शराब पकड़ी है, जिसमें दो मामले में पुलिस ने शराब के चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस लगातार कार्रवाई
वहीं दो अन्य मामले में आरोपित शराब से भरी गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने सभी मामले में एमपी की शराब बरामद की है। एक दिन पहले छुरिया और बागनदी पुलिस ने कार्रवाई कर 31 पेटी शराब जब्त की थी। वहीं मंगलवार को छुरिया और बोरतलाव पुलिस ने कुल 33 पेटी शराब बरामद किया है। पड़ोसी राज्यों से हो रही शराब तस्करी के मामले में जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बाद भी तस्करी पर रोक नहीं लग पाया है।
लग्जरी कार में रखकर तस्करी
पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से शराब के अवैध परिवहन के मामले में छुरिया पुलिस ने कार्रवाई कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की कार से 12 पेटी एमपी की शराब जब्त की है। थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेंद्र ने बताया कि सुबह करीब साढ़े छह बजे मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी की गई थी। तभी संदेही कार को रोका गया, लेकिन कार चालक तेज रफ्तार वाहन चलाते हुए कल्लुबंजारी की ओर भागने लगा। पुलिस ने कार का पीछा किया, आरोपित कार चालक पुलिस को देख तेज रफ्तार वाहन चलाते हुए कल्लुबंजारी सोसायटी के पास पुल के पास रोड किनारे डिवाइडर से टकराकर पलटी हो गया। कार में 12 पेटी शराब थी। इसके अलावा पुलिस ने दो आरोपित सुपेला कोहका हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी अशोक अषोक कुमार मेहरा 41 और सुपेला के आजाद चौक राम नगर वार्ड 19 निवासी रवेल सिंह 32 को गिरफ्तार किया है।
एमपी से 21 पेटी लेकर आ रहे थे शराब
इधर बोरतलाव पुलिस ने भी मध्यप्रदेश से 21 पेटी विदेशी शराब लेकर लग्जरी कार में आ रहे आरोपितों का पीछा कर शराब जब्त किया है। मुखबिर की सूचना पर बोरतलाव पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब चार बजे घेराबंदी कर लग्जरी कार में शराब पकड़ा है। थाना प्रभारी बोरतलाव अब्दुल समीर ने बताया कि बागनदी, डोंगरगढ़, पुलिस चौकी चिचोला व जिला मुख्यालय के अधिकारियों की अलग-अलग टीम तैयार कर महाराष्ट्र दर्रेकसा से आने वाले रास्ते में चेकिंग पाइंट लगाकर जांच कर रही है। ग्राम बागरेकसा से ठाकुरटोला रोड में नाकेबंदी के लिए लगी टीम को लग्जरी वाहन दिखाई दिया, जिसका पीछा करने पर लगातार जंगल के रास्ते से आरोपी वाहन चालक तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया और लमनाढार दमउदाहरा के घने जंगल में डस्टर वाहन को छुपाकर अंधेरे में भाग गया। पुलिस ने जंगल में एक सिल्वर रंग की कार में 21 पेटी अंग्रेजी शराब धार मध्यप्रदेश की शराब जब्त की है।
