राजनांदगांव। समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदी गया धान तेजी से उपार्जन केंद्रों से संग्रहण केंद्रों में पहुंचाया जा रहा है। अब तक 56.49 लाख क्विंटल धान का उठाव कर 69 प्रतिशत धान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा लिया गया है। 15 मार्च तक संपूर्ण धान का उठाव करने का लक्ष्य है। प्रशासन का दावा है कि तय समय पर सारा धान उठा लिया जाएगा। राजनांदगांव जिला इस बार समर्थन मूल्य में धान खरीदी में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। अब उसके परिवहन में भी सबसे आगे आ गया है। बताया गया कि इतनी मात्रा में धान का परिवहन प्रदेश के किसी भी जिले में नहीं हो पाया है।
धान का उठाव लगातार किया जा रहा हैः
शासन द्वारा एक दिसंबर से सात फरवरी तक समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी की गई थी। जिले में सर्वाधिक धान की खरीदी की गई। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में इस वर्ष जिले में एक लाख 95 हजार 931 किसानों से 82 लाख 46 हजार 280 क्विंटल धान की खरीदी की गई। धान खरीदी पूरा होने के बाद धान का उठाव लगातार किया जा रहा है। धान उठाव की लगातार मानिटरिंग की जा रही है। धान खरीदी केंद्रों से अब तक 5649131 क्विंटल लगभग 69 प्रतिशत धान का उठाव कर लिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा धान उठाव के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
राईस मिलर्स ने उठाया 25.55 लाख क्विंटलः जिले में धान खरीदी महाअभियान के तहत 82 लाख 46 हजार 280 क्विंटल धान की खरीदी की गई। खरीदे गए धान को जिले के राईस मिलर्स द्वारा 25 लाख 55 हजार 561 क्विंटल तथा परिवहनकर्ताओं के माध्यम से 30 लाख 93 हजार 570 क्विंटल धान का उठाव कर संग्रहण केंद्रों में संग्रहित किया गया है। इस प्रकार उपार्जन केन्द्रों से कुल 56 लाख 49 हजार 131 क्विंटल 69 प्रतिशत धान का उठाव कर लिया गया है।
