मेडिकल सीटों पर दाखिला शुरू हो चुका है। पहले दिन मेडिकल कालेज रायपुर में करीब 25 छात्रों ने दाखिला लिया। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश मिलने वाले छात्रों ने हर्ष व्यक्त किया है।
इधर, सीट आवंटन सूची जारी करने के दौरान चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा सीट जारी किया जाता है। इसमें कालेजों में आरक्षण रोस्टर का पालन करते हुए कालेजवार सीटों की जानकारी होती है। इस बार इस प्रक्रिया का पालन ही नहीं किया गया है। इसे लेकर छात्रों द्वारा विरोध किया जा रहा है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के संचालक विष्णुदत्त ने कहा कि काउंसिलिंग की जिम्मेदारी चिप्स देख रहा है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें कालेजों में सीटों की स्थिति की जानकारी से संबंधित सूची उपलब्ध करा दी गई
थी। ऐसे में यदि सूची नहीं डाली गई, तो यह उनकी गलती है। बता दें, छात्रों के कालेज में दाखिले की प्रक्रिया आठ से 11 फरवरी तक सुबह 11 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक चलेगी। दाखिले के लिए पहुंचने वाले छात्रों को संबंधित सभी मूल दस्तावेज के साथ आना होगा। ऐसे विद्यार्थी जिनका नाम पहले सूची में नहीं आया है। दूसरे चरण की काउंसिलिंग में दाखिले के लिए प्रक्रिया कर सकते हैं।
मेडिकल पीजी की दूसरी काउंसिलिंग के लिए पंजीयन 11 तक
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मेडिकल की पीजी सीटों (एमडी, एमएस) के लिए दूसरी काउंसिलिंग प्रक्रिया आठ फरवरी से शुरू कर दी है। इसमें शामिल होने के लिए चिकित्सा छात्र 11 तक पंजीयन करा सकते हैं। वहीं, दूसरी ओर प्रदेश में फिजियोथेरेपी के स्नातक पाठ्यक्रम के लिए भी जल्द ही काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। बता दें कि राज्य में फिजियोथेरेपी के दो कालेज हैं। इसमें शासकीय फिजियोथेरेपी कालेज रायपुर में 50 सीटें व एक प्राइवेट कालेज में 69 सीटें हैं। इसमें दाखिले के लिए नीट में पात्र होना अनिवार्य नहीं है। कोई भी छात्र जिसने नीट की परीक्षा दी हो, काउंसिलिंग में शामिल हो सकते हैं।
