राजनांदगांव। शहर में फ्लाइओवर के नीचे पार्किंग व्यवस्था के साथ अब मटका बाजार भी लगेगा। वर्तमान में मटका बाजार महावीर चौक से जयस्तंभ चौक के बीच लगता है। रोड किनारे मटका बाजार लगने से सड़क चौड़ीकरण की प्लाटिंग अटकी हुई है। चौड़ीकरण से पहले मटका व मिट्टी के अन्य बर्तनों की दुकानों को फ्लाइओवर के नीचे व्यवस्थापित किया जाएगा। वहीं गुड़ाखू लाइन स्थित आयुर्वेदिक औषधालय में व्यवसायिक परिसर का निर्माण कराया जाएगा। मंगलवार को नगर निगम में महापौर परिषद की हुई बैठक में इन सभी विकास कार्यों को स्वीकृत किया गया। बैठक महापौर हेमा देशमुख की अध्यक्षता में हुई, जिसमें विभिन्ना विकास कार्यों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने पर चर्चा तक की गई। बैठक से पहले एमआइसी में बाजार विभाग की नवनियुक्त प्रभारी सदस्य दुलारी साहू का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
महापौर परिषद की बैठक में बजट तैयार करने राष्ट्रीय परिवार सहायता व सामाजिक सुरक्षा पेशन योजना के पात्र आवेदनों की स्वीकृति, वार्डो में विकास कार्यो की अनुशंसा सहित गुड़ाखू लाइन औषधालय में व्यवसायिक परिसर निर्माण, मांगलिक भवन, कांजी हाउस, सुंदरीकरण, फ्लाइओवर के नीचे पार्किंग के साथ मटका विक्रय की स्वीकृति और वार्षिक निविदा की स्वीकृति के साथ अन्य विषयों पर स्वीकृति दी गई।
इन कार्यों को मिली स्वीकृति
महापौर हेमा देशमुख ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय परिवार सहायता योजनांतर्गत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि भुगतान करने की स्वीकृति हुई है। वहीं लोकसेवा केंद्र से प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेशन के पात्र हितग्राहियों के अनुमोदन के अलावा वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए बजट की प्रक्रिया व राज्य प्रवर्तित योजनांतर्गत वार्ड 20 में तालाब सुंदरीकरण के लिए आहुत निविदा में प्राप्त न्यूनतम दर की स्वीकृति के अलावा डा. बीआर अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन निर्माण, 15वें वित्त आयोग अंतर्गत 12 कायोर् के लिए 531.21 लाख रुपये और सालिड वेस्ट मैनेजमेंट अंतर्गत तीन कार्यों के लिए 121 लाख रुपये व नरवा, गरूवा, घुरूवा बाड़ी के घटक गौठान निर्माण योजनांतर्गत वार्ड 21 में कांजी हाउस निर्माण सहित सुंदरीकरण कार्य के लिए 199.87 लाख और वार्ड 34 कन्हारपुरी धान खरीदी केंद्र (धान सोसायटी) में कार्यालय भवन खाद गोदाम व अन्य विकास कार्य के लिए 42.29 लाख रुपये के प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की स्वीकृति मिली है।
दुकानों के किराये का होगा निर्धारण
महापौर हेमा ने बताया कि महावीर चौक सर्वेश्वरदास स्कूल के पास बने दुकानों के आरक्षण के साथ मोतीपुर खेल मैदान व्यवसायिक परिसर की दुकानों की प्रीमियम व किराया निर्धारण, यातायात नगर के भूखंड का प्रीमियम व किराया निर्धारण के अलावा महावीर चौक से जय स्तंभ चौक तक मटका विक्रय करने वालों को फ्लाइओवर के नीचे स्थान आवंटित किया जाएगा। इसके अलावा फ्लाई ओवर के नीचे वाहन पार्किंग करने वालों से शुल्क लिए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं निगम सीमांतर्गत निगम आधिपत्य के विद्युत पोलो में लगे छोटे विज्ञापन बोर्ड में शुल्क निर्धारण के अलावा नजूल भूमि मांग के संबंध में राय भेजा गया। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए विभिन्ना विभागों में वार्षिक निविदा आमंत्रण की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य मधुकर बंजारी, सतीश मसीह, संतोष पिल्ले, विनय झा, भागचंद साहू, गणेश पवार, राजा तिवारी, राजेश गुप्ता, दुलारी बाई साहू, आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी, उपायुक्त सुदेश कुमार सिंह, कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके, सहायक अभियंता संजय ठाकुर व दीपक अग्रवाल, प्रभारी सहायक अभियंता संदीप तिवारी, समाज कल्याण अधिकारी भूपेंद्र वाडेकर, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी अजय यादव, प्रभारी कार्यालय अधीक्षक अशोक चौबे सहित निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
