राजनांदगांव – केन्द्रीय आवास एवं शहरी मंत्रालय द्वारा पूरे देश भर के शहरों की स्वच्छता का आकलन करने के लिये स्वच्छता सर्वेक्षण किया गया था। जिसके आधार पर सभी शहरों को अलग अलग केटेगरी में बाटा गया और केटेगरी के आधार पर राजनांदगांव शहर को कचरा मुक्त शहरों की रैकिंग में थ्री स्टार रैकिंग प्राप्त हुआ एवं ओ.डी.एफ. प्लस प्लस होने का गौरव हासिल हुआ है। थ्री स्टार रैकिंग प्राप्त होने एवं ओ.डी.एफ. प्लस प्लस होने पर महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख एवं नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने सभी सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदीयों, नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित शहर के नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, पत्रकार बंधुआंे को बधाई देते हुये सहयोग करने पर आभार व्यक्त किया है। महापौर श्रीमती देशमुख ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के तहत सरकार द्वारा नियुक्त एजेंसी के माध्यम से शहर में ओ.डी.एफ. एवं स्वच्छता सर्वेक्षण कराया गया। सर्वेक्षण में राजनांदगांव को ओ.डी.एफ. प्लस प्लस के साथ साथ स्वच्छता सर्वेक्षण में कचरा मुक्त शहरों की जारी सूची में थ्री स्टार रैकिंग प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा श्रेय हमारे स्वच्छता दीदीयों व सफाई मित्रों को जाता है। जिन्होंने दिन रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी सहित निगम के सभी अधिकारियोें एवं कर्मचारियों के सहयोग के साथ साथ शहर के नागरिकोें सामाजसेवी संस्था, पत्रकार बंधुओं का भी सहयोग प्राप्त हुआ। जिसके कारण स्वच्छता में उच्च रैकिंग को प्राप्त करने के साथ साथ हमारा शहर ओ.डी.एफ. प्लस प्लस हुआ। इसके लिये मैं सभी का आभार व्यक्त करती हूॅ। इसके अलावा प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय भूपेश बघेल जी, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री माननीय डॉ शिव डहरिया जी का भी मैं आभार व्यक्त करती हूॅ, जिनके नेतृत्व में प्रदेश ओ.डी.एफ. प्लस प्लस होने के साथ साथ स्टार रैकिंग में भी प्रदेश का दबदबा रहा है। आयुक्त कौशिक ने भी ओ.डी.एफ. प्लस प्लस होने एवं कचरा मुक्त शहरों की सूची में थ्री स्टार रैकिंग प्राप्त होने पर निगम के स्वास्थ्य अमला का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हमारे सफाई मित्र एवं स्वच्छता दीदीयों की मेहनत का फल हमे प्राप्त हुआ। डोर टू डोर कचरा संग्रहण, एस.एल.आर.एम. सेन्टरों में कचरा का पृथकीकरण कार्य जिस कुशलता से इनके द्वारा किया गया, इसी का परिणाम है कि हम स्वच्छता में उच्च स्थान को प्राप्त कर रहे है। नगर निगम के प्रशासनिक अमला के अलावा शहर की जनता ने भी स्वच्छता सर्वेक्षण के समय अच्छा सहयोग प्रदान किया और सबके सहयोग से ही अच्छा परिणाम प्राप्त हुआ। जिसके कारण शहर की एक अपनी अलग पहचान बनी है।
