छुरिया में मालवाहक चालक के साथ जातिगत गाली-गलौज के मामले में एक्टोसिटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज होने के बाद फरार विधायक पति चंदू साहू को गिरफ्तार करने की मांग की गई है। जिला आदिवासी गोंड़ महासभा के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम सीएसपी को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें समाज के लोगों ने गिरफ्तारी की मांग कर आंदोलन की चेतावनी दी है। सामाजिक पदाधिकारियों ने कहा कि इससे पहले भी बीते 28 दिसंबर को ज्ञापन देकर गिरफ्तारी की मांग की गई थी। लेकिन अभी तक इस मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं कर पाई है और न ही विधायक पति चंदू साहू को गिरफ्तार किया है। महासभा के एमडी ठाकुर ने कहा कि गिरफ्तारी नहीं होने पर समाज उग्र आंदोलन करेगा।
ज्ञात हो कि खुज्जी विधायक छन्नाी साहू के पति चंदू साहू ने जोब के आदिवासी युवक वीरसिंग को छुरिया नगर पंचायत के सामने रेत परिवहन के दौरान गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी। बीते चार दिसंबर 2021 को छुरिया थाने में वीरसिंग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने जांच कर विधायक पति चंदू साहू के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया। लेकिन एफआइआर दर्ज होने के एक माह बाद भी अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस विधायक पति चंदू साहू को फरार बता रही है, जबकि वो क्षेत्र के कई कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। इसको लेकर आदिवासी समाज आक्रोशित हैं। केंद्रीय गोड़वाना महासभा के अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ विधायक और पुलिस के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता विष्णु देव ठाकुर, जिला अध्यक्ष नीलकंठ गढ़े, तहसील अध्यक्ष मदन नेताम, शहर अध्यक्ष बसंत ठाकुर व वरिष्ठ आदिवासी नेता उपस्थित थे।
