राजनांदगांव । कोरोना की तीसरी लहर से निपटने प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। शासकीय मेडिकल कालेज अस्पताल पेंड्री कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए पूरी तरह तैयार है। वहां चिकित्सकों सहित स्वास्थ्य संसाधन, वेटिंलेटर, आक्सीजन, बेड, दवाई की समुचित व्यवस्था कर ली गई है।
कलेक्टर ने मेडिकल कालेज अस्पताल में चिकित्सकों की बैठक लेकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी से दिन-रात सजग रहने कहा। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने काविड-19 संक्रमण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पेण्ड्री स्थित शासकीय मेडिकल कालेज अस्पताल में चिकित्सकों की बैठक लेकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के केस अचानक बढे पर इलाज के लिए डाक्टर तैयार रहें। उन्होंने बताया कि शासकीय मेडिकल कालेज अस्पताल कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए पूरी तरह तैयार है।
समुचित व्यवस्था कर ली गई : बैठक में बताया गया कि अस्पताल में चिकित्सक सहित स्वास्थ्य संसाधन, वेटिंलेटर, आक्सीजन, बेड, दवाई की समुचित व्यवस्था कर ली गई है। कोविड संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने ने कहा कि डाक्टर कोविड संक्रमण से सावधानी रखते हुए मरीजों का उपचार करें। अस्पताल में कोविड मरीजों के आने व जाने के लिए अलग से प्रवेश होना चाहिए।
प्रतिदिन अस्पताल में उपलब्ध बेड और भर्ती मरीजों की रिपोर्ट की जानकारी दें। इस अवसर पर मेडिकल कालेज के डीन डा. रेणुका गहिने, नगर पुलिस अधीक्षक गौरव राय, संयुक्त कलेक्टर विरेंद्र सिंह, एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा, मेडिकल कालेज अधीक्षक डा. संदीप चंद्राकर, डीपीएम गिरीश कुर्रे, जिला ई-प्रबंधक सौरभ शर्मा, अवीन चौधरी उपस्थित थे।
