० स्वास्थ्य सेवा से संबंधित व्यवस्थाओं को मजबूत करने के प्रयास तेज
राजनांदगांव। कोविड-19 संक्रमण के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से सुरक्षा के लिए जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। कलेक्टर के दिशा-निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही 3 जनवरी से प्रारंभ किए जाने वाले टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 15 से 18 आयु वर्ग के किशोर-किशारियों को कोविड टीका लगवाने के लिए 1 जनवरी से पंजीयन किया जाएगा।
कोविड-19 संक्रमण के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से सुरक्षा के लिए कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा के दिशा-निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य सेवा से संबंधित व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। कोविड-19 संक्रमण के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के फैलाव को रोकने हेतु जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक तैयारी की जा रही है। साथ ही अस्पतालों में ऑक्सीजन कन्सनट्रेटर, एक्स-रे मशीन, बेड, मेडिकल स्टॉफ की ट्रेनिंग, मॉस्क, सेनेटाईजर तथा पीपीई किट की सुदृढ़ व्यवस्था बनाई जा रही है। कोविड के अधिक मरीजों की आशंकाओं को देखते हुए कोविड केयर सेंटर के लिए स्थान का चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बेहद आवश्यक
इससे पहले कोरोना संक्रमण की रोकथाम संबंधी तैयारियों को लेकर आयोजित एक बैठक में कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है, कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का फैलाव तेज गति से हो रहा है और ऐसे में स्वास्थ्य सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए हमें अधिक सर्तक रहने की जरूरत है। अन्य राज्यों में कोविड-19 संक्रमण के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के फैलाव को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिक सर्तक रहने की जरूरत है। अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच अवश्य करें। इसके साथ ही जिले में कोरोना टीकाकरण की दूसरी डोज का कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा। 3 जनवरी से 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों का भी कोरोना टीकाकरण शुरू किया जाएगा, जिसकी सभी तैयारी समय पूर्व कर ली जाए। किशोर-किशोरियों के टीकाकरण के लिए शिक्षकों द्वारा उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही सभी लोग कोरोना संक्रमण की रोकाथाम के लिए निर्धारित आवश्यक नियमों का पालन जरूर करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर व एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
15 से 18 वर्ष के किशोर-किशोरियों को लगाएंगे को-वैक्सीन टीका
इस संबंध में राजनांदगांव के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया, जिले में कोरोना जांच की संख्या शीघ्र बढ़ाई जाएगी। रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड जैसे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में मेडिकल टीम द्वारा कोरोना जांच की जाएगी। कोरोना संक्रमण के अधिक मरीज मिलने की स्थिति में क्षेत्र में माईक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। इसके साथ ही 15 से 18 आयु के किशोर-किशोरियों का 3 जनवरी से टीकाकरण किया जाएगा। इस दौरान स्कूल के बच्चों के साथ शाला त्यागी बच्चों का भी टीकाकरण किया जाएगा। किशोर-किशोरियों को कोवैक्सीन टीका लगाया जाएगा। इसके लिए अलग टीम रहेगी। टीकाकरण के लिए 1 जनवरी से पंजीयन किया जाएगा। छात्रावास और आश्रमों में कैम्प लगाकर किशोर-किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा।
