मोहला बीईओ ने बिना सूचना अनुपस्थित शिक्षकों के काटे वेतन तथा कार्यवाही हेतु प्रस्ताव भेजने की तैयारी में
बच्चों की शिक्षा और स्कूल के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर मोहला बीईओ देवांगन ने सख्त कार्यवाही का कदम उठाया है। बिना सूचना अनुपस्थित तथा अनाधिकृत रूप से अवकाश में रहने वाले शिक्षकों को लापरवाही महंगी पड़ रही है। मोहला बीईओ राजेंद्र देवांगन ने ऐसे सभी शिक्षकों के वेतन काटकर उच्च कार्यालय को कार्यवाही हेतु प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर ली है। बीईओ राजेन्द्र देवांगन ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी एच.आर.सोम के निर्देशन में एपीसी, बीईओ, बीआरसीसी व संकुल प्राचार्याे तथा शैक्षिक समन्वयकों की टीम द्वारा लगातार स्कूलों की मॉनिटरिंग करके कसावट लाई जा रही है। बीईओ द्वारा अनुपस्थित शिक्षक अशोक कुमार कोरेटी प्रधान पाठक शेरपार, छत्तर सिंह जुरेशिया प्रधान पाठक वासडी, अनिल कुमार पोया, शिक्षक अडमागोंदी का माह दिसंबर के बिना सूचना अनुपस्थित दिनों का वेतन काट दिया गया है। इसी तरह पूर्व माह नवम्बर में भी चेतन चंद्रवंशी मंडावीटोला, पवन कोमरे चिलाडबरी, सुमंत गावरे उमरपाल का भी वेतन काटा गया है। साथ ही नारायण कुरेटी डालाकसा को नोटिस जारी किया गया है, जिस पर कार्यवाही प्रस्तावित है। बीईओ देवांगन ने चेतावनी दी है कि कार्यशैली में सुधार न करने वाले तथा बच्चों की शिक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को क्षमा नहीं किया जाएगा। सभी शिक्षक नियमानुसार अवकाश स्वीकृति करा कर ही विद्यालय छोड़ें तथा पूर्ण शाला समय तक अध्ययन अध्यापन कराएं। शाला समय का कड़ाई से पालन करे। शाला समय मे पढ़ाना छोड़कर उपस्थित होने वाले शिक्षकों पर भी मोहला बीईओ सख्त कारवाही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण 18 माह तक बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हुआ है, अतः बचे हुए दिनों में शिक्षक पूर्ण निष्ठा के साथ अध्यापन कार्य और स्कूल की गतिविधियों में सक्रिय रहें। अन्यथा नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
