अंबागढ़ चौकी छात्रावास के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत समारोह संपन्न
शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास अंबागढ़ चौकी के भूतपूर्व विद्यार्थी एवं वर्तमान में बस्तर जिले में पदस्थ जनसंपर्क अधिकारी श्री चंद्रेश ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी हमारे देश व समाज के धरोहर और भविष्य हैं। श्री ठाकुर शनिवार 25 दिसंबर को शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास अंबागढ़ चैकी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने छात्रावास की गौरवशाली विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छात्रावास संस्कार भूमि एवं पिछड़ों तथा वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संरक्षण स्थली भी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्रावास के भूतपूर्व छात्र श्री लखन शोरी ने की। कार्यक्रम में इस छात्रावास में सत्र 2021-22 में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में व्याख्याता श्री अरविंद गोटे सहित कार्यक्रम के संरक्षक श्री भूपेन्द्र मंडावी, श्री नीलकंठ कोमरे, श्री विद्याभूषण कुपार्य, श्री पवन शोरी, श्री अमर पुरामे, श्री अश्विनी कोठारी, छात्रावास के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र जुरेशिया, उपाध्यक्ष श्री रोहित धुर्वे, श्री सुरेन्द्र कोर्राम, श्री संजय उसारे उपस्थित थे।
इस अवसर पर श्री ठाकुर ने छात्रावास की विशेषताओं के संबंध मंे विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दुनिया में कोई भी काम असंभव नहीं है और प्रतिभा कभी भी सुविधाओं की मोहताज नहीं होती। इसे समाज के विशिष्ट विभूतियों ने तमाम अभावों के बीच उपलब्धि हासिल कर प्रमाणित भी किया है। कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री लखन शोरी ने कहा कि हमारे छात्रावास के विद्यार्थी हमारे ब्रांड एंबेसडर हैं। आपके साथ आपके माता-पिता, समाज एवं इस संस्थान की आशाएं और अपेक्षाएं जुड़ी हुई हैं, जिसे सच कर दिखाना है। विशेष अतिथि श्री अरविंद गोटे ने छात्र जीवन को व्यक्ति के जीवन का स्वर्णिम काल बताते हुए हर पल सचेत रहकर अपने कत्र्तव्यों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सामाजिक, नैतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम को श्री विद्याभूषण एवं अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।
