रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में 15 दिसंबर को फैक्ट्री कर्मी की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया था। मेटल पार्क रोड राधिका इण्ड्रस्ट्रीस के सामने नाले में मिले शव की फारेंसिक टीम और पुलिस की जांच में रस्सी से गला दबाकर हत्या का शक हुआ। पुलिस ने परिवार के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की थी। पूछताछ में युवक की जमीन विवाद में हत्या की बात सामने आने पर पुलिस ने मृतक विजय जायसवाल के बड़े भाई गोपाल प्रसाद जायसवाल से पूछताछ की। पहले वह पुलिस को बरगलाता रहा, कड़ाई से पूछताछ करने पर तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर करने का जुर्म स्वीकार किया।
छोटे भाई ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
मृतक विजय कुमार जायसवाल के छोटे भाई लक्ष्मीनारायण जायसवाल ने उरला थाना में पुलिस को नाले में शव मिलने की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शव की जांच की। नाले से शव को बाहर निकालने के बाद उसके गले में नायलोन की रस्सी बंधी थी। इससे पुलिस को संदेश हुआ कि गला कसने के बाद शव को नाले में फेंक दिया गया है। मृतक के बड़े भाई से पूछताछ के बाद हत्या करने की बात सामने आई।
बड़ा भाई निकला मास्टर माइंड
पुलिस जांच में मृतक के बड़े भाई गोपाल प्रसाद जायसवाल से कड़ाई से पूछताछ के बाद तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। पूछताछ के बाद आरोपित गोपाल के बताने पर ननका कुर्रे एवं बुधराम बंजारे को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक ननका कुर्रे और बुधराम बंजारे बिलाईगढ़ थाने का सजायाफ्ता अपराधी है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है।
