गाय के नाम पर राजनीति को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिर एक बार भाजपा पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि हम गाय की सेवा करते हैं पर गाय के नाम पर वोट नहीं मांगते हैं। हमने दो रुपये किलो गोबर खरीदी शुरू की है। गुरुवार को नई दिल्ली में एक निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम में बघेल ने छत्तीसगढ़ माडल, उत्तर प्रदेश चुनाव और ढाई-ढाई साल के सवाल पर बेबाकी से जवाब दिया।
गुजरात माडल पर तंज कसते हुए बघेल ने कहा कि गुजरात माडल क्या है। आज तक कोई नही समझ पाया है। सात साल हो गए गुजरात माडल का स्वाद किसी ने नहीं चखा है। अब तो इसके बारे में भाजपा के लोग भी बात नहीं करते हैं। देश में कहीं निवेश नहीं दिख रहा, गरीबी, कुपोषण, बेरोजगारी बढ़ी है।
बघेल ने कहा कि केवल हमने धान ही नहीं खरीदा है, किसानों को सात हजार करोड़ का इनपुट सब्सिडी भी दिया है। किसानों की आय में लगातार वृद्धि हुई है। देश का 74 प्रतिशत लघु वनोपज छत्तीसगढ़ में खरीदे गए हैं। भारत सरकार से हमें 11 पुरस्कार भी दिए गए हैं। प्रदेश में सात से बढ़ाकर अब 52 प्रकार के लघु वनोपज खरीदे जा रहे हैं। तेंदूपत्ता का समर्थन मूल्य 2500 से बढ़ाकर हमने 4000 प्रति मानक बोरा किया है। दूसरे वनोपज की भी कीमत हमने बढ़ाई है। इसमें हमने वैल्यू एडिशन भी किया है।
बघेल ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए बारदाने उपलब्ध नहीं कराए जाने पर सवाल उठाया। केंद्र सरकार एथेनाल बनाने की अनुमति भी नहीं दे रही है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की योजना हमने बंद नहीं की है। बल्कि केंद्र सरकार ने हमारे सेंट्रल एक्साइज का पैसे नहीं दे रही है।
हाई कमान जब कहेगा इस्तीफा दे दूंगा
ढाई साल के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हाईकमान जब बोले उस दिन इस्तीफा देने को तैयार हूं। राष्ट्रीय राजनीति में आने के सवाल पर कहा अगला पड़ाव पार्टी तय करेगी। पिछले चुनावों में कांग्रेस को मिली हार पर कहा कि समर्थन तो कांग्रेस की मिला था, पर कोई और चुरा के ले जाए तो क्या करें। उत्तरप्रदेश के चुनाव के सवाल पर कहा कि प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में संघठन मजबूत हुआ है। चुनाव का रिजल्ट निश्चित ही चौकाने वाला होगा।
