राजनांदगांव। काम ऐसा किया जाए कि उस काम को न सिर्फ दुनिया याद रखे, बल्कि दुआओं का भी सिलसिला चल जाए और बिल्कुल ऐसा ही निर्मल प्रयास इंडियन रोटी बैंक ने किया है। समर्पण के साथ सेवा के लिए तत्पर इंडियन रोटी बैंक ने कई प्रेरक पहल के साथ एक साल पूरा कर लिया है। संस्था की प्रथम वर्षगांठ भी सेवाकार्यों के साथ मनाया गया।
इंडियन रोटी बैंक का सपना कोई भूखा न रहे अपना…इस तर्ज पर राजनांदगांव में 15 अक्टूबर 2020 को इंडियन रोटी बैंक परिवार ने सेवाभाव की नींव रखी थी। यानी इसी तारीख से संस्था शुरु की गई थी, जिसके पश्चात समर्पण भाव के साथ सेवा का अब एक सिलसिला चल पड़ा है। सेवा के क्रम में संस्था की ओर से सर्द मौसम में किसी जरुरतमंद को कंबल मिला तो भीषण गर्मी में प्यासे को पानी और भूखे को भरपेट भोजन। जरुरत पड़ी तो यह संस्था मरीजों को निःशुल्क दवा बांटने में भी आगे ही रही।
सेवाभावी संस्था इंडियन रोटी बैंक के समन्वयक श्रीमती भावना तिवारी ने बताया यह संस्था अति जरूरतमंदों की हर संभव मदद करने के लिए हमेशा तैयार रहती है। उन्होंने बताया कि भोजन, नास्ता, कपड़े, कंबल, दवा जैसी जीवन जीने के लिए जो भी आवश्यक सुविधाएं चाहिए यथा संभव हर कोशिश करते हैं कि वह हर सामग्री उपलब्ध कराएं। इंडियन रोटी बैंक परिवार ने संस्था की प्रथम वर्षगांठ को भी सेवा कार्यों के साथ मनाया। संस्था के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संस्था के समस्त सदस्यों द्वारा भोजन, मीठा, बिस्किट व फल का वितरण किया गया।
