बलरामपुर 17 अक्टूबर 2021। देर रात रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने जा रहे तहसीलदार पर पत्थरों से हमला हो गया है। खुद के उपर पत्थरों से हमला होता देख तहसीलदार और उनकी टीम अपनी जान बचाकर मौके से निकल आई है। हालांकि इस घटना में तहसीलदार की गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
मामला बलरामपुर थाना क्षेत्र का है। शनिवार की देर रात लगभग दो बजे के करीब बलरामपुर पुलिस ने रेत से भरी अवैध डंपिंग गाड़ियां पकड़ी थी। इसकी सूचना पर कार्रवाई करने के लिए तहसीलदार विनीत सिंह सनावल थाना क्षेत्र के लिए निकले हुये थे। इस दौरान ग्राम त्रिसुली के पास कुछ लोगों ने तहसीलदार की गाड़ी पर पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में तहसीलदार की गाड़ी के कांच पूरी तरह से चकनाचूर हो गये। बताया जा रहा हैं कि, हमला करने वाले आरोपी 6 से 8 लोग थे।
तहसीलदार की शिकायत पर बलरामपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा हैं कि, जिस जगह पर अवैध रेत का खनन हो रहा था, वो सीमा उत्तर प्रदेश की सीमा से सटी हुई है। इसलिए रेत माफिया यहां पर आकर रेत की अवैध खनन कर फरार हो जाते है। वहीँ बलरामपुर थाना के सब इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि, इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ़्तार भी कर लिया जाएगा।
