कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक आज सुबह 10 बजे पार्टी मुख्यालय 24 अकबर रोड पर होगी। इस बैठक में कांग्रेस के बड़े नेता शामिल होंगे। वहीं रायपुर हवाई अड्डे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि वे आज कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने जा रहे हैं, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों के साथ-साथ संगठनात्मक चुनावों पर भी चर्चा की जाएगी।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने यूपी के सीएम योगी के जसपुर की घटना पर किए ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यूपी पुलिस लखीमपुर खीरी हिंसा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे को बचा रही थी। लेकिन इस मामले में, आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लापरवाही के लिए अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और अनुग्रह राशि की घोषणा की गई।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शनिवार, 16 अक्तूबर को सुबह 10 बजे होगी, इस बैठक के एजेंडे में देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव और पार्टी के संगठनात्मक चुनाव शामिल होंगे।
पिछले दिनों सिब्बल और गुलाम नबी ने की थी सीडब्ल्यूसी की बैठक की मांग
पिछले दिनों कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं गुलाम नबी आजाद और कपिल सिब्बल ने सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाने की मांग की थी। गुलाम नबी आजाद आजाद ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि पार्टी से जुड़े मामलों पर चर्चा के लिए कांग्रेस कार्य समिति की तत्काल बैठक बुलाई जाए।
कपिल सिब्बल ने खुलकर किया था विरोध
पंजाब में सियासी उथल-पुथल के बाद कांग्रेस में दरकिनार किए गए ‘जी-23’ के नेता भी कांग्रेस आलाकमान पर हमलावर हो गए। पूर्व कानून मंत्री कपिल सिब्बल तो कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ खुलकर सामने आ गए जिसका नतीजा यह हुआ कि कार्यकर्ताओं ने सिब्बल के घर पर धावा बोल दिया और जमकर नारेबाजी की। कपिल सिब्बल ने कहा कि पार्टी का कोई अध्यक्ष नहीं है। कौन फैसले ले रहा है, नहीं मालूम।
