सक्रिय विधायक इंद्रशाह मंडावी के विरोध के बाद शिक्षकों का संलग्नकरण गया ठंडे बस्ते में
जिला शिक्षा अधिकारी ने निरस्त किया वनांचल के शिक्षक का प्रतिनियुक्ति का आदेश
वनांचल क्षेत्र की जनता ने किया विधायक मण्डावी का आभार
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के लिए वनांचल क्षेत्र मोहला मानपुर चौकी से भारी मात्रा में शिक्षकों को प्रतिनियुक्त किया गया था जिसके कारण वनांचल क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी हो गई थी। इस विषय को संसदीय सचिव छ.ग.शासन एवं क्षेत्रीय विधायक इन्द्रशाह मंडावी ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को आदेश निरस्त करने के लिए निर्देशित किया। कई समाचार पत्रों ने भी इस प्रतिनियुक्ति के विषय में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। अंततः वनांचल में ग्रामीणों की मांग और विधायक इन्द्रशाह मंडावी के पुरजोर विरोध के बाद जिला शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव को आदेश निरस्त करना ही पड़ा। उल्लेखनीय है कि मोहला मानपुर क्षेत्र के पेंदोंडी, दोरदे, करमरी, कंदाड़ी, मिस्प्री, पारडी, पाऊरखेड़ा जैसे दूरस्थ वनांचल से शिक्षकों को उठाकर मोहला चौकी जैसे शहरी क्षेत्रों में प्रतिनियुक्ति जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश से दी गई थी। इन शिक्षकों के हटने से वनांचल के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी होने लगी थी। अब इस आदेश के निरस्त होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है तथा सभी ने अपने विधायक इन्द्रशाह मंडावी के प्रयासों को सराहनीय बताया है। हाईस्कूल मिस्प्री में बहुत सालों बाद अंग्रेजी के व्याख्याता की नियुक्ति शासन ने की थी, जिसे जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनियुक्ति में आत्मानंद विद्यालय मोहला में भेज दिया था, किन्तु इसका विधायक इंद्रशाह मंडावी ने विरोध किया ताकि मिस्प्री जैसे वनांचल के बच्चों को शिक्षा से वंचित ना होना पड़े। अंततः उक्त आदेश निरस्त होने से अब मिस्प्री की अंग्रेजी की शिक्षिका मिस्प्री में ही पढ़ाएगी। ज्ञातव्य है कि विधायक इंद्रशाह मण्डावी प्रारंभ से ही अपने क्षेत्र में शिक्षा के उत्थान के प्रति काफी सजग रहे हैं। उन्होंने विधायक के रूप में पदग्रहण करते ही सबसे पहले वनांचल के जो शिक्षक शहरी क्षेत्रों में संलग्न थे, उनको वापस करवाया तथा शिक्षकों की कमी वाले शालाओं में मानदेय पर ट्यूटर शिक्षक की नियुक्ति कराया । आज उनके निर्वाचन क्षेत्र की जनता शिक्षा के प्रति काफी जागरूक हो चुकी है जिसका प्रथम श्रेय विधायक इन्द्रशाह मंडावी को ही जाता है। संसदीय सचिव मंडावी के इन सराहनीय प्रयासों को तथा जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा प्रतिनियुक्ति आदेश निरस्त करने के कृत्य को स्थानीय समाजसेवी संजय जैन, जनपद अध्यक्ष लगनू चंद्रवंशी तथा उपाध्यक्ष गमिता लोनहारे सहित जनसामान्य ने स्वागतयोग्य तथा वनांचल की शिक्षा के लिए लाभदायक बताया है।
