राजनांदगांव. जिले के मदनवाड़ा के पास परधौनी गांव में हुए पुलिस नक्सली मुठभेड़ में मदनवाड़ा थाना प्रभारी श्याम किशोर शर्मा शहीद हो गए हैं। घटना शुक्रवार-शनिवार दरम्यानी रात की है। रात में बड़ी संख्या में माओवादियों के जंगल में एकत्रित होने की सूचना पर पुलिस पार्टी एसआई श्याम किशोर के नेतृत्व में सर्चिंग में निकली थी। इसी बीच घात लगाकर बैठे माओवादियों के साथ जवानों की भिड़ंत हो गई। आमने-सामने की लड़ाई में एक ओर जहां जवानों ने चार इनामी माओवादियों को मार गिया। वहीं गोला-बारी के बीच एक गोली एसआई के पेट से आर-पार होते हुए निकल गई। नक्सलियों से लोहा लेते हुए थाना प्रभारी मौके पर ही शहीद हो गए।

देर रात तक चले नक्सली मुठभेड़ के बाद जवानों ने चार नक्सलियों का शव बरामद किया है। राजनांदगांव एसपी जितेंद्र शुक्ल ने बताया कि मारे गए सभी नक्सली लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय थे। फिलहाल सर्चिंग चल रही है। नक्सलियों के पास से दो एसएलआर , एक एके-47 और एक इंसास राइफल बरामद किया गया है। इस समय पुलिस की पार्टी जंगल में नक्सलियों की तलाश कर रही है।
एसपी जितेंद्र शुक्ल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे आठ नक्सलियों के मानपुर मोहला क्षेत्र के आसपास होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद मदनवाड़ा के थाना प्रभारी दल के साथ सर्चिंग पर रवाना हो गए। इस दौरान मुठभेड़ में वे शहीद हो गए। फिलहाल एसआई के अलावा सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित हंै। किसी के भी गायब होने की सूचना नहीं है। मुठभेड़ में दो महिला माओवादी सहित मानपुर मोहला कमेटी मेंबर भी मारा गया है।
राजनांदगांव के मदनवाड़ा थाने अंतर्गत हुए मुठभेड़ में चार माओवादी मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों में प्रमिला पर 1 लाख का इनाम, सरिता पर 1 लाख का इनाम, कृष्णा पर 5 लाख का इनाम, अशोक मानपुर मोहला कमेटी मेम्बर पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
राज्यपाल अनुसुईया उइके ट्वीट कर कहा कि राजनांदगांव जिले के मदनवाड़ा में हुए नक्सली मुठभेड़ में थाना प्रभारी श्याम किशोर शर्मा के शहादत पर मुझे गहरा दुख हुआ. शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मदनवाड़ा मुठभेड़ में शहीद श्याम किशोर शर्मा की शहादत पर दुःख जताते हुए उन्हें नमन किया है. उन्होंने कहा कि ईश्वर उनके परिवारजनों को संबल प्रदान करे.
