शहर के ढाबा वार्ड में रहने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पिस्टल के अलावा एक मैग्जीन और 1 राउंड भी जब्त किया गया है। हालांकि इनके पास पिस्टल कहां से आई, पुलिस इस मामले में कुछ भी नहीं बता पाई है।
इधर दोनों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने जो कहानी सामने रखी है, वह भी उलझाने वाली है। सोमवार को एएसपी प्रज्ञा मेश्राम ने प्रेसवार्ता लेकर बताया कि पुराना ढाबा निवासी 40 वर्षीय नरेश कुमार साहू अपने बेटे 18 वर्षीय हितेश साहू के साथ रविवार की शाम मोहारा बायपास में पिस्टल लहरा रहे थे। दोनों गोली चला देने की बात पर राहगीरों को डरा धमका रहे थे। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने यह भी दावा किया है उन्हें इनके पास पिस्टल होने की सूचना पहले मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस तप्तीश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी पिता पुत्र को जेल भेज दिया है।
बर्थ डे पार्टी में फायरिंग का वीडियो भी वायरल हुआ
इधर इस पूरे मामले में कुछ और ही कहानी ढाबा वार्ड से सामने आई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि करीब चार दिन पहले वार्ड में बर्थ डे पार्टी चल रही थी, जहां कुछ जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। यहीं हितेश कुमार ने पिस्टल लहराया था। स्थानीय लोगों ने हवाई फायरिंग होने का भी दावा किया। इस घटनाक्रम का एक वीडियो कुछ ग्रुप में भी वायरल होने की बात कही गई है, जिसके बाद पुलिस ने पहले हितेश को और फिर पिस्टल के बारे में कोई जानकारी नहीं देने पर उसके पिता नरेश को गिरफ्तार किया है। एएसपी मेश्राम ने बताया कि उन्हें ढाबा से भी कुछ इनपुट मिले थे। आरोपी पिता-पुत्र को जेल भेज दिया गया है।
पिस्टल कहां से आया, जांच में सामने आने का दावा
पुलिस ने बताया कि उक्त पिस्टल गैर लाइसेंसी है। लेकिन यह पिता-पुत्र के पास कहां से आया, इसे लेकर अब तक पुलिस के पास कोई जवाब नहीं हैं। शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही है। इस बीच इस तरह खुलेआम पिस्टल लहराने का मामला चिंताजनक है। पिस्टल के संबंध में जांच जारी होने का दावा किया जा रहा है।
