शहर में हो रही चाकूबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। इसी के तहत चिखली पुलिस की टीम ने तीन आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। चिखली प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि इलाके में गुंडे बदमाशों की धरपकड़ तेज की गई है।
जिसके तहत बुधवार को विशाल सारथी, राकेश मेश्राम और अंकित ठावरे को गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ धारा 151, 107, 116 के तहत कार्रवाई कर उन्हें रिमांड में भेजा गया है। बढ़ते अपराध को देखते हुए शहर के सभी थाना क्षेत्रों में ऐसी कार्रवाई जारी है। इसके अलावा चाकूबाजों व पेशेवर बदमाशों की धरपकड़ कर पुलिस उन्हें चेतावनी भी दे रही है। बीते कुछ समय से शहर में आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। इससे लोगों में भी असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
