राजनांदगांव कोविड-19 कोरोना वायरस का संक्रमण जिले में अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है बल्कि नए केस सामने आ रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। इसलिए वैक्सीन की दोनों डोज समय पर लगानी जरूरी है। जिले में अब तक 9 लाख 87 हजार 155 डोज दी जा चुकी है।
इनमें 7 लाख 53 हजार 169 लोगों को पहला डोज लगी है तो वहीं 2 लाख 3 हजार 986 लोगों ने दूसरी डोज लगाकर कोरोना संक्रमण को मात दी है। वैक्सीनेशन को लेकर जिले की स्थिति पहले से सुधर रही है। अब गर्भवतियों को भी टीका लग रहा है। ग्राउंड लेवल पर मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर गर्भवती और प्रसूताओं को टीकाकरण के फायदे बताते हुए जागरूक कर रहीं हैं। इसका अच्छा रिस्पांस सामने आ रहा है। गर्भवती महिलाएं स्वयं सेंटर पहुंचकर वैक्सीनेशन करा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र में भी वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ी है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि पहले वैक्सीनेशन टीम के पहुंचने पर गांव वाले रिस्पांस नहीं देते थे।
यहां लगा चुके कैंप
बताया कि लोगों को घर-घर जाकर समझाना पड़ता था कि टीकाकरण जरूरी है पर अब तो पंचायतों से सरपंचों के फोन आने लगे हैं कि गांव में वैक्सीनेशन का कैंप लगाना है। हाल ही में शहर के समीप स्थित पार्रीकला में कैंप लगाया गया था। टेडेसरा, तोरनकट्टा गांव में सरपंच के कहने पर कैंप लगाकर ग्रामीणों का वैक्सीनेशन किया गया। इनमें गर्भवती, प्रसूताएं भी शामिल थीं।
वनांचल में स्थिति सुधरी
अफसरों ने बताया कि वैक्सीनेशन के शुरुआत में ग्रामीणोें के विरोध का सामना करना पड़ता था। मानपुर ब्लॉक में 67 हजार 496 के टारगेट में 46 हजार 975 लोगों को पहला डोज लग चुका है। वहीं 9 हजार 770 लोगों को दूसरी डोज लग गई है। मोहला में 66 हजार 425 टारगेट में 52 हजार 521 को पहला और 14 हजार 416 को दूसरी डोज लगी है। स्थिति में सुधार दिख रहा है।
दूसरी डोज भी है जरूरी
जिले में पहली डोज की संख्या 9 लाख 87 हजार 155 तक पहुंची है पर दूसरी डोज की संख्या बेहद कम है। महज 2 लाख 3 हजार 986 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए दूसरी डोज का लगना जरूरी है। हालांकि लापरवाही बरतने पर दूसरी डोज लगने के बाद भी कोरोना संक्रमण का शिकार हो सकते हैं पर गंभीर स्थिति तक पहुंचने के चांस नहीं होंगे।
टीकाकरण को लेकर सहयोग मिल रहा है
वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में जागरूकता का उदाहरण यह है कि सामाजिक संगठन भी अपने भवनों में कैंप लगवा रहे हैं। शहर में गौड़ ब्राम्हण समाज की ओर से परशुराम भवन में वैक्सीनेशन के लिए कैंप लगवाया गया है जहां अब तक सैकड़ों लोगों ने टीका लगवा लिया है। दूसरे सामाजिक संगठन भी समाज स्तर पर कोरोना संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए कैंप लगवा रहे हैं।
लगभग 23 लाख डोज लगेगी तो लक्ष्य पूरा होगा
जिले में 11 लाख 58 हजार 343 लोगों को टीका लगाने का टारगेट रखा गया है। इस हिसाब से लगभग 23 लाख डोज लगेगी तब जाकर जिले में वैक्सीनेशन का टारगेट पूरा होगा। इसलिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेकंड डोज के लिए अभियान चलाया जा रहा है। टीकावार नाम से अभियान को गति दी गई है। सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि वैक्सीन लगवाना जरूरी है।
