जिले के ग्राम टेड़ेसरा स्थित शासन के आरोहण बीपीओ सेंटर से जिले के युवाओं को रोजगार मिला है तथा उनके कौशल विकास एवं बेहतर भविष्य के लिए एक अच्छा प्लेटफार्म मिला है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में आरोहण बीपीओ सफलता की राह पर है तथा इससे राजनांदगांव जिले के साथ ही साथ अन्य जिलों के अनेक व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराकर जीवन-निर्वाह के लिए आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
शासन द्वारा जिला ई-गवर्नेस सोसायटी राजनांदगांव के माध्यम से बीपीओ संचालन का निर्णय लिया गया। 1 सितम्बर 2020 से 100 सीटों के साथ बीपीओ का संचालन 15 माह के अनुबंध एवं 300 सीटों के संचालन के लिए टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन लिमिटेड के साथ करते हुए बीपीओ संचालन प्रारंभ किया गया। 3 वर्ष एवं 1500 सीट का अनुबंध टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन लिमिटेड के साथ किया गया है। 670 लोगों को राेजगार मिला। 2 माह में 1000 सीट बढ़ाने का लक्ष्य है।
कोविड-19 के मरीजों की मदद की, सेंटर से जोड़ा
कोविड-19 के दौरान जहां युवाओं को नौकरी नहीं मिल पा रही थी ऐसे समय में आरोहण बीपीओ सेंटर में उन्हें नौकरी उपलब्ध कराई गई। कोविड-19 के दौरान युवाओं ने आरोहण बीपीओ सेंटर से जुड़कर जिले के कोविड-19 मरीजों को मदद की। मिली जानकारी के अनुसार बीपीेओ के तहत् कार्यरत कर्मचारियों को वर्ष 2018 में 5 से 8 हजार रुपए तक वेतन भत्ता प्राप्त हो रहा था किन्तु वर्ष 2019 के उपरांत यहां के कर्मचारियों को पद अनुरूप 8 से 20 हजार तक वेतन भत्ता प्रदान किया जा रहा है।
2018 में हुई थी स्थापना रोजगार उपलब्ध कराया
शासन ने आरोहण बीपीओ की स्थापना अगस्त 2018 में की। बीपीओ संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं कार्यालय जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज सोसायटी ने शुरू किया। वर्ष 2018 में 300 सीट बीपीओ का निर्माण कराया गया जिसमें 8 करोड़ 40 लाख 29 हजार 384 रुपए व्यय हुआ। अगस्त 2018 में इसका संचालन केटलिस्ट ग्लोबल बिजनेस इन्क्यूबेटर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 28 फरवरी 2019 तक किया गया। 98 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया।
