मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत अगस्त में 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट वेन के माध्यम से नगर के 10760 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। गुरुवार को निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों का भी मोबाइल मेडिकल यूनिट वेन के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा दी गई।
निगम आयुक्त डॉ.आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि चारों मोबाइल मेडिकल यूनिट वेन निगम सीमा क्षेत्र में प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से वार्डों एवं श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों मे जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं, जिसमें लोग स्वास्थ्य परीक्षण के साथ साथ निशुल्क लैब टेस्ट एवं निशुल्क दवा का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगस्त में निगम सीमाक्षेत्र के 10760 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जो प्रति वेन यूनिट 111 का औसत रहा, जोकि जुलाई माह की अपेक्षा औसत में 25 हितग्राहियों की बढ़ोत्तरी हुई है।
गत माह टेस्टिंग में प्रदेश स्तर पर राजनांदगांव अव्वल
आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि अगस्त माह में शहर में 3696 लोगो का लैब टेस्ट किया गया जिसमें सभी प्रकार की जांच मिलाकर कुल 5429 टेस्ट किया गया। जबकि जुलाई माह में 2821 लैब टेस्ट किया गया था। इस माह अगस्त में जुलाई माह की अपेक्षा दुगना टेस्ट किया गया। कुल लैब टेस्ट मेंं 243 टेस्ट बाहर से कराकर लोगों का लाभ दिया गया। जिसमें थायराइड, विटामिन बी-12, विटामिन डी-3 आदि शामिल है।
इस प्रकार संस्कारधानी राजनांदगांव में स्वास्थ्य योजना को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। और इसी का परिणाम है कि अगस्त माह में टेस्टिंग में प्रदेश स्तर पर राजनांदगांव अव्वल रहा है। निगम परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें निगम आयुक्त सहित कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, लेखा अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय अधीक्षक सहित 72 कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
