जिले में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 81 फीसदी पहुंच गया है। याने कुल टारगेट के 81 फीसदी लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। अब महज ढाई लाख लोग ही वैक्सीनेशन से वंचित है। दावा है कि जल्द ही इन लोगों को भी वैक्सीन लगा ली जाएगी। इसके लिए प्रशासन युद्ध स्तर पर काम कर रही है।
जिले में कुल 11 लाख 87 हजार 485 लोगों को वैक्सीन लगनी है। इसमें 9 लाख 64 हजार 638 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। जिसमें 7 लाख 51 हजार 147 को पहली और 2 लाख 13 हजार 491 को दोनों डोज लगाई जा चुकी है। खास बात यह है कि अब वनांचल क्षेत्र मानपुर मोहला में भी वैक्सीनेशन ने रफ्तार पकड़ ली है। इन हिस्सों में वैक्सीनेशन के लिए लोगों को अब पहले की तरह समझाना नहीं पड़ रहा है। लोग जागरुक होकर खुद सेंटर्स तक पहुंच रहे हैं। लगभग ढाई लाख की आबादी ही ऐसी है, जिन्हें अब जल्द से जल्द वैक्सीन लगाया जाना है। हालांकि सेकंड डोज की कमजोर रफ्तार ने कुछ हद तक चिंता बढ़ाई है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 60 प्लस आयु वर्ग के लोगों को को 1 लाख 69 हजार 163, 45 से 60 को 3 लाख 34 हजार 418, 18 से 44 के लोगों को 4 लाख 61 हजार 57 वैक्सीन लगाई गई है।
सेंकंड डोज के लिए समय पर नहीं मिल रही वैक्सीन
जिले में हालांकि वैक्सीनेशन की रफ्तार अब तक बेहतर रही है। लेकिन सेकंड डोज को लेकर स्थिति चिंताजनक हालात बन रहे हैं। इसकी बड़ी वजह स्टॉक की भी समस्या को बताया जा रहा है। कुल वैक्सीनेशन में अब तक केवल 2 लाख 13 हजार 491 को ही दोनों डोज लगी है। सेकंड डोज के लिए लोगों का उत्साह काफी कम दिख रहा है, इसकी वजह नियंत्रित हुए कोरोना व लोगों से संक्रमण का डर कम होना है। वहीं लगातार वैक्सीन के स्टॉक की कमी की वजह से भी लोग सेकंड डोज समय पर नहीं लगा पा रहे हैं।
कोविशील्ड की डोज अधिक लगी, यही पहली पसंद
लोगों की पहली पसंद कोविशील्ड ही बनी हुई है। सेंटर्स पहुंचने वाले पहले कोविशील्ड की उपलब्धता ही जान रहे हैं। वहीं जिले में कोवैक्सीन की तुलना में कोविशील्ड की सप्लाई भी अधिक रही है। कुल वैक्सीनेशन में 7 लाख 70 हजार 398 लोगों को कोविशील्ड और 1 लाख 94 हजार 240 को कोवैक्सीन लगी है। गुरुवार को जिले में 9 हजार लोगों का वैक्सीनेशन हुआ।
पुरुषों के मुकाबले ग्रमीण महिलाएं आगे
वैक्सीनेशन के लिए पुरुषों की तुलना में महिलाएं अधिक जागरुक दिखी है। यही वजह है कि अब तक के वैक्सीनेशन के आंकड़ों में महिलाएं पुरुषों से आगे चल रही है। जिले में हुए कुल वैक्सीनेशन में 4 लाख 72 हजार 239 पुरुषों को वैक्सीन लगी है। 4 लाख 92 हजार 295 महिलाओं ने वैक्सीन का पहला या दूसरा डोज ले लिया है। खासकर ग्रामीण इलाकों में पुरुषों के मुकाबले महिलाएं वैक्सीनेशन के लिए आगे आई हैं।
