शहर के ममता नगर में रहने वाले ऑटो चालक ने ईमानदारी व मानवता की मिसाल पेश की है। देवेश सिंग के ऑटो में बैठा एक यात्री दो लाख रुपए के जेवरात से भरे बैग को भूलकर चला गया। जिसे देवेश ने तत्काल कोतवाली थाने में जमा किया, जहां से पुलिस ने यात्री को उसका बैग सौंप दिया ।
चंद्रपुर के रहने वाले जितेंद्र देशमुख ने गुरुवार की सुबह देवेश सिंग का ऑटो लिया। ऑटो से उतरने की जल्दबाजी में जितेंद्र देशमुख जेवरात से भरा बैग ऑटो में ही भूल गए। जितेंद्र के जाने के बाद देवेश की नजर छूटे बैग में पड़ी। देवेश ने देखा कि बैग में जेवरात भरे हुए हैं। देवेश बैग लेकर सीधे कोतवाली थाने पहुंचा और बैग थाना प्रभारी वीरेंद्र चतुर्वेदी को सौंपा। बैग में जितेंद्र का मोबाइल नंबर भी था, फोन कर उसे थाने बुलाया गया। थाना प्रभारी ने बैग जितेंद्र देशमुख को सौंपा। जितेंद्र व पुलिस ही ऑटो चालक की ईमानदारी से प्रभावित हुए।
