सोमनी के पास सुंदरा में हाईवे पर तेज रफ्तार बस ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध को हाॅस्पिटल में भर्ती किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। इधर हादसे के बाद स्थानीय लोगों का हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान करीब तीस मिनट तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
घटना बुधवार शाम करीब 5.30 बजे की है। जानकारी मुताबिक सुंदरा निवासी 70 वर्षीय सुखी साहू चौक क्रास कर रहे थे। तभी रायपुर से नागपुर की दिशा में जा रही रॉयल ट्रैवल्स की बस ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ठोकर इतनी जोरदार थी कि सूखी साहू उछलकर बस के सामने की कांच से टकरा गए और बस का कांच टूट गया। आसपास के लोगों ने डॉयल 112 वाहन को फोन किया, जिसकी मदद से घायल सूखी साहू को मेडिकल कॉलेज हाॅस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उसने इलाज के दौरान तम तो़ड़ दिया।
पार्री चौक में भी कई बार हो चुका प्रदर्शन: सुंदरा से लगे पार्री चौक में भी इस तरह का प्रदर्शन हो चुका है। इस हिस्से में ग्रामीणों ने चौक डेव्हलपमेंट की मांग की थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हो सकी है। पार्रीकला के पास चौक नहीं होने की वजह से लोगों को अघोषित मिडिल कट से आवाजाही करना पड़ता है। इसके चलते कई बार हादसे भी हो चुके हैं। यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को पुलिस ने समझाया
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बस मौके पर ही रोक दी। मौके पर ग्रामीणों का हंगामा शुरू हो गया। वे सुंदरा चौक पर वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित करने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि चौक पर क्रासिंग होने के बाद भी वाहनों की रफ्तार अधिक रहती है, इससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिन्होंने हाईवे पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया।
