पुलिस ने एटीएम से चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर इब्राहिम पिता अल्ला मेहर और जुबेर पिता कल्लू उर्फ हारुन को गिरफ्तार किया है। मूलत: हरियाणा के रहने वाले दोनों आरोपी धमधा क्षेत्र में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।आरोपियों ने पूर्व में कवर्धा, राजनांदगांव और दुर्ग जिले में कई वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।
पुलिस ने धारा 380, 457, 427 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव ने बताया कि शनिवार सुबह 6 बजे डायल 112 को जेवरा स्थित एसबीआई एटीएम मशीन में तोड़फोड़ होने के संबंध मे अलर्ट मैसेज प्राप्त हुआ। सूचना पर डायल 112 मे ड्यूटी मे तैनात आरक्षक केशव साहू तुरंत मौके पर पहुंच गया और दो संदिग्ध व्यक्तियों को दौड़ाकर पकड़ा लिया। चौकी लगाकर पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तीन साल पहले भिलाई पहुंचे थे। इसके बाद उनका साथी धमधा क्षेत्र में रह रहा था।
