तुमड़ीबोड़ में एक ही रात में दो दुकानों में चोरी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने गैस एजेंसी और मेडिकल स्टोर का शटर तोड़कर करीब 30 हजार की चोरी की है। घटना को तीन आरोपियों ने अंजाम दिया है, जो सीसीटीवी फुटेज में भी नजर आ रहे हैं।
घटना गुरुवार- शुक्रवार दरमियानी रात की है। तुमड़ीबोड़ पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपियों ने धनवंतरी मेडिकल और भारत गैस एजेंसी में चोरी की है। दोनों ही दुकानों के शटर को बीचोंबीच मोड़कर तोड़ा गया है। जहां से आरोपी दुकानों के भीतर दाखिल हुए है। इसके बाद दोनों दुकानों से कुल 30 हजार रुपए की चोरी कर ली है। एक ही रात में दो दुकानों में हुई चोरी से पुलिस की व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा हो रहा है। खास बात यह है कि दोनों ही दुकान मुख्य बाजार क्षेत्र में मौजूद हैं। ऐसे में यहां चोरी की घटना होना और पुलिस को इसकी भनक तक न लगाना नाइट पेट्रोलिंग के तमाम दावों की पोल खोल रही है। तुमड़ीबोड़ चौकी प्रभारी रितेश मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन आरोपी नजर आ रहे हैं, जिनकी पतासाजी में टीम लगी हुई है।
मेडिकल में चौथी बार हुई, कोई भी आरोपी गिरफ्तार नहीं: जानकारी मुताबिक धनवंतरी मेडिकल में यह चोरी की चौथी घटना है। इसके पहले भी इस मेडिकल में तीन बार चोरी हो रही है। लेकिन अब तक किसी भी चोरी के मामले में कोई भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। इसके चलते स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश भी है। इलाके में लगातार चोरी की घटना बढ़ती जा रही है। कुछ समय पहले भी तुमड़ीबोड़ के तीन से चार दुकानों में चोरी हुई थी। जिसके आरोपियों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
