गोंडवाना समाज के अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के संभागीय अध्यक्ष चंद्रेश ठाकुर ने कहा कि राजनांदगांव जिले से अलग कर आदिवासी बाहुल्य मोहला-मानपुर एवं अंबागढ़ चौकी विकास खण्ड को मिलाकर नए जिले का निर्माण करना वास्तव में वनांचल के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
श्री ठाकुर ने कहा कि प्रशासनिक विकेन्द्रीकरण होने से आम लोगों को सहुलियत मिलने के साथ-साथ विकास कार्यों की सतत मॉनिटरिंग होने से जनकल्याणकारी योजनाओं का उचित क्रियान्वयन भी हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस अंचल के लोगों के द्वारा जिला मुख्यालय राजनांदगांव से मोहला-मानपुर क्षेत्र की दूरी तथा भौगोलिक एवं क्षेत्रीय विविधताओं को देखते हुए लम्बे समय से पृथक जिले की मांग की जा रही थी। वर्तमान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने क्षेत्रीय विधायक इन्द्रशाह मण्डावी की पहल पर एवं क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए हम वनांचल के लोगों को सबसे बड़ी सौगात दी है।
