राजनांदगांव। चौक-चौराहे पर जमावड़ा जमाकर बैठेने वाले मवेशियों से राहगीरों को होने वाले संभावित खतरे को भांपकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के जिलाध्यक्ष ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मवेशी मालिकों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
जकांछ के जिला अध्यक्ष शमसुल आलम ने निगम आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि, देर रात शहर के नंदई चौक, कुंआ चौक, महामाया चौक व भदौरिया चौक समेत विभिन्न चौराहों व मुख्य सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिसकी वजह से राहगीर आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
शमसुल आलम ने कहा है, कुछ दिन पूर्व रात में कुछ चौक में निरीक्षण के दौरान सड़क पर पसरे मवेशियों का वीडियो भी बनाया गया था जिसमें कुंआ चौक के पास लगभग 100 मावेशियों का झुंड दिख रहा है। ऐसे में आने-जाने वाली गाड़ियों तथा मवेशियों दोनों को दुर्घटना का खतरा दिख रहा था। इस वीडियो के सोशल मीडिया में आते ही सभी वार्ड के लोगों ने इसी समस्या के समाधान के लिए चर्चा की। इसके अलावा दो दिन पहले भी महामाया चौक के पास मवेशियों की ही वजह से दुर्घटना हुई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शमसुल आलम ने निगम आयुक्त श्री चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपकर मवेशी मालिकों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने गौपालकों से भी आग्रह किया है कि अपने मवेशी घर पर ही रखें, सड़क पर न जाने दें। इस पूरे मामले में आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। गौपालकों ने अपने मवेशियों को सड़क की तरफ छोड़ा तो नगर निगम अमला सख्त कार्रवाई करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष देव सिन्हा, युवा शहर अध्यक्ष बिलाल सोलिन खान, मजदूर संघ अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, एससी शहर अध्यक्ष अभिषेक उतकेल, ब्लॉक अध्यक्ष टेसू साहू, अनीस आलम, क्रिष देशमुख, शुभम पाठक, जीसान खान, फरमान खान, जाहिद खान व गौरव यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
