राजनांदगांव। नेशनल हाईवे में सोमनी के पास एक चलते ट्रक में आग लग गई। इस आगजनी में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन करीब एक घंटे तक हाईवे की रफ्तार थम गई थी। हाईवे में सड़क के बीचों-बीच ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल सोमनी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल वाहन के पहुंचते आग बुझाने का प्रयास किया गया। लगभग घंटेभर बाद सड़क किनारे सर्विस रोड से जाम में फंसी गाड़ियों को क्लीयर कराया गया। सोमनी थाना प्रभारी लोमेश सोनवानी ने बताया कि ट्रक रायपुर से मैग्निक लोड कर राजनांदगांव की ओर जा रहा था। टायर फटने के बाद घर्षण होने से आग लगी होगी। कारण तो स्पष्ट नहीं हुआ है। ट्रक के पहिये से ही आग भभकी है, जिसे देखकर चालक और परिचालक गाड़ी को सड़क के बीच खड़ा कर सुरक्षित बाहर निकल गए। चालक की तत्परता के कारण घटना बड़ी नहीं हुई। ट्रक मालिक को सूचना देकर थाना बुलाया गया है। मामले की जांच कर रहे हैं।
घटना शाम करीब पौने सात बजे की है, जब रायपुर से मैग्निक लोड कर ट्रक राजनांदगांव की ओर जा रहा था, तभी ग्राम सोमनी में अर्जुंदा मोड के पास ट्रक का टायर फट गया। हड़बड़ाहट में परिचालक ने ट्रक के पहिये को देखा तो उसमें से आग भभकने लगी थी। इसके बाद ट्रक को रोककर चालक और परिचालक बाहर निकल गए। देखते ही देखते आग पूरे ट्रक में बढ़ गई। ट्रक के पहियों की वजह से आग भभकी गई। ट्रक में लोड सामान मैग्निक को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।
घंटेभर लगा जाम
आगजनी की घटना के चलते करीब एक घंटे तक हाईवे में जाम लग गया। ग्रामीणों की भीड़ भी ट्रक में लगे आग को देखने के लिए उमड़ गई थी। इसके कारण यातायात बाधित भी हुआ। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घटनास्थल के पास से बनी सर्विस रोड से गाड़ियों को रवाना कर जाम को क्लीयर कराया। फिर भी मोड़ में लोगों की काफी भीड़ जुटी रही। दमकल वाहन आने के बाद आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पाया गया। जिसके बाद ट्रक को किनारे कर हाईवे क्लीयर हुआ।
