राजनांदगांव जिले के पूर्व कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा हाल ही में भाजपा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। दरअसल वो इस जिले के ढाई साल तक कलेक्टर भी रहे थे। इस दौरान उन्होंने यहां पर कई विकास कार्यों को कराया था। जिसकी वजह से उनका सीधा कनेक्शन आम जनता से है। जिसका फायदा पार्टी को आने वाले 2023 के विधानसभा चुनाव में मिल सकता है। साथ ही लगातार वो उन जिलों का भी दौरा कर रहे है। जहां उन्होंने प्रशासनिक दायित्व को संभाला था।
भाजपा राष्ट्रभक्तों की पार्टी- गणेश शंकर मिश्रा
राजनांदगांव जिले के पूर्व कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा भाजपा में शामिल होने के बाद मां बमलेश्वरी की नगरी डोंगरगढ़ के दौरे पर थे। साथ ही राजनांदगांव शहर जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव के जन्मदिन के कार्यक्रम में भी शिरकत की। इस दौरान गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रभक्तों की पार्टी है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव से भी प्रभावित हूं। इसी वजह से मैंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा में शामिल होने के बाद पहला राजनांदगांव दौरे पर उनका जिला भाजपा अध्यक्ष की मौजूदगी में गर्मजोशी से कार्यकर्ताओं के द्वारा स्वागत किया गया।

पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने गणेश शंकर मिश्रा को बुके दिया।
कलेक्टर रहते किए कई काम
राजनांदगांव में कलेक्टर रहते हुए गणेश शंकर मिश्रा ने पहली बार डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों के लिए वृहद स्तर पर सेवा-सहयोग के लिए स्व. सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से हर 2-3 किमी की दूरी में पंडाल सजाकर भोजन, फलाहार, चिकित्सकीय सेवा और आराम की व्यवस्था रखी गयी थी। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सम्मिलित क्षेत्र के प्रथम 12 ODF निर्मल ग्राम पंचायत भी उन्हीं के प्रयासों से वर्ष 2005 में राजनांदगांव में ही हुए। जिसके लिए तत्कालीन राष्ट्रपति कलाम ने दिल्ली में पुरस्कृत किया था। अब भाजपा में शामिल होकर वे देश सेवा करने की तमन्ना पाले हुए है।
चुनाव लड़ने पर बोले-पार्टी का जो निर्णय होगा मानूंगा
गणेश शंकर मिश्रा के 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान ही राजनीति में आने की चर्चा थी, उस समय यह हसरत पूरी नहीं हो पाई थी, लेकिन करीब तीन वर्ष के इंतजार के बाद उन्होंने भाजपा का दामन थामा। आने वाले साल 2023 में विधानसभा चुनाव में ताल ठोक सकते है। उनका कहना है कि पार्टी का जो निर्णय होगा, वही करुंगा।
