खैरागढ़ से धमधा रोड में गाड़ाडीह के पास तेज रफ्तार ट्रक ने 4 साल की मासूम को रौंद दिया। बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगाकर चक्काजाम भी कर दिया है। घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की है। जानकारी के मुताबिक गाड़ाडीह में रहने वाली 4 साल की मासूम भूमिका वर्मा अन्य बच्चों के साथ खेलते हुए सड़क पार कर रही थी।
तभी धमधा की दिशा में जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक का चालक भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी है। वहीं सड़क पर लकड़ियां डालकर चक्काजाम शुरु कर दिया। सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों ने रास्ता नहीं छोड़ा। ंनारेबाजी करते हुए ग्रामीण सड़क पर ही बैठ गए है। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का चक्काजाम जारी रहा ।
मारुटोला से त्योहार मनाने मामा के घर आई थी बच्ची
ग्रामीणों के मुताबिक मृतका भूमिका वर्मा अपनी मां के साथ मामा के घर राखी का त्योहार मनाने आई थी। भूमिका मारुटोला की रहने वाली है। त्योहार मनाने के बाद वह गांव की बच्चियों के साथ खेल रही थी। तभी सड़क पार करते हुए हादसा हो गया।
हादसे के बाद ड्राइवर हुआ फरार, पत्थर से भरा है ट्रक
जानकारी के मुताबिक ट्रक महाराष्ट्र से रायपुर जा रहा था। ट्रक में पत्थर भरा हुआ है। जिसे हादसे के बाद मौके पर ही छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया है। पुलिस की टीम लगातार ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास कर रही है। लेकिन ग्रामीण रास्ता छोड़ने तैयार नहीं हो रहे हैं।
