बढ़ती महंगाई के विरोध में गुरुवार को एनएसयूआई की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया गया। एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष अमर झा ने बताया कि युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रदेश चेयरमैन निखिल द्विवेदी के निर्देशन में यह प्रदर्शन किया गया। मानव मंदिर चौक पर प्रदर्शन के दौरान केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
अमर ने कहा कि जब 2014 से पूर्व केन्द्र में मनमोहन सिंह की यूपीए सरकार थी और पेट्रोल डीजल का दाम 50-60 रुपए लीटर हुआ करता था तब ये भाजपाई महंगाई का विरोध करते थे। आज डीजल 100 रुपए व पेट्रोल 110 रुपए, एलपीजी गैस 950 से अधिक हो गया है, मंहगाई से जनता परेशान है और मोदी सरकार सोई हुई है। एनएसयूआई विधानसभा महासचिव रेहान रजा एवं सहिल वर्मा ने कहा कि जब केन्द्र में मनमोहन सिंह की सरकार थी तब मोदी, डॉ रमन सिंह, स्मृति इरानी व कई भाजपा के बड़े नेता जमीन पर आ गए थे और साइकिल से सदन में पहुंचने का ढोंग करते थे। क्या उन्हें आज बढ़ती हुई मंहगाई व जनता की परेशानी नहीं दिख रही है।
एनएसयूआई उत्तर ब्लाॅक उपाध्यक्ष हर्ष साहू तथा वासुदेव साहू ने कहा कि जिस मंहगाई को भाजपा के लोग मनमोहन सिंह की सरकार में डायन कहा करते थे। आज भाजपा राज में लोगों को परेशान कर रही है। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई उत्तर ब्लाॅक उपाध्यक्ष अमित मेश्राम, शशांक डोगरें, कुनाल साहू, रोशन वर्मा, मोहित कोचरे, दीपक सोनकर, साहिल सागर, मोन्टी साहू व अन्य मौजूद रहे।
