रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी के रहवासी सड़क के लिए तरस रहे हैं। कॉलोनाइजर ने कॉलोनी तो बसाई है पर यहां तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क तक नहीं है। यहां के रहवासी लंबे समय से सड़क के लिए संघर्ष कर रहे हैं। स्थिति यह है कि बारिश में गड्ढों के बीच से आवाजाही करनी पड़ रही है। कॉलोनी के रहवासियों की मांग पर वार्ड पार्षद गगन आइच ने गड्ढों को भरने के लिए मलबा डलवाया। वहीं सड़क की मांग को लेकर कॉलोनी के रहवासियों ने बुधवार शाम को डोंगरगांव मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था।
पक्की सड़क की मांग को लेकर लेकर रिद्धि-सिद्धि कॉलोनीवासियों ने पार्षद गगन व सोसाइटी अध्य्क्ष रमेश गंगवानी के नेतृत्व में कलेक्टर एवं निगम आयुक्त को गुलाब का फूल भेंटकर समस्याओं से अवगत कराया। निगम आयुक्त डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने निगम की एक टीम तैयार कर तत्काल गड्ढों को फीलिंग करने के निर्देश दिए। निगम अमला कार्यस्थल पर पहुंचा लेकिन रोड की जमीन पर दावा करने वाले पक्षकारों ने हाईकोर्ट का स्टे दिखाकर मरम्मत कार्य करने से रोक दिया। इससे समस्त कॉलोनी वासियों में आक्रोश और भी बढ़ गया।
हमें सिर्फ रास्ता चाहिए: विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। आक्रोशित कॉलोनी के रहवासियों ने डोंगरगांव मार्ग पर चक्काजाम किया। कॉलोनी के रहवासियों ने नारा दिया है कि है नहीं किसी से वास्ता, हमें चाहिए रास्ता। विवाद की स्थिति बनने पर सीएसपी लोकेश देवांगन अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर तत्काल पहुंचे। तहसीलदार भी सहित अन्य अधिकारियों ने आपत्तिकर्ता एवं कॉलोनीवासियों के मध्य समझौता करने का प्रयास किया। आपत्तिकर्ता ने खराब रोड पर दो ट्रक गिट्टी डलवाने की सहमति दी। इसके बाद कॉलोनी वासी रोड से हटे। प्रदर्शन में पार्षद गगन, सोसाइटी अध्यक्ष रमेश गंगवानी, कप्तान मिश्रा, गजेंद्र बख्शी आदजि मौजूद रहे।
