मोहर्रम पर्व की शुरुआत होते ही शहर में जगह-जगह मन्नती शेर नजर आ रहे हैं। वहीं मन्नती शेरों के जुलूस में विवाद होने की खबरें भी सामने आ रहीं हैं। 15 अगस्त के दिन मठपारा में जुलूस के दौरान ही धक्का-मुक्की होने पर एक युवक की धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई। इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए भाजपा की ओर से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मन्नती शेरों के जुलूस में हथियार लाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
भाजपा शहर अध्यक्ष उपाध्यक्ष नागेश यदु के नेतृत्व में कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। नागेश ने बताया कि अभी मुस्लिम समुदाय का मोहर्रम पर्व चल रहा है। अधिकतर हिन्दू युवा मन्नति शेर का स्वरूप धारण करके पूरे शहर के हर गली-मोहल्ले में घूमते देखने को मिल रहे हैं।
कुछ युवा इस जुलूस में घातक हथियार लेकर नाचते रहते हैं। इससे किसी भी समय घटना होने की आशंका बनी रहती है। अशांति का माहौल बना रहता है। इसलिए जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार का हथियार नहीं रखा जाए। कुछ युवा तो जुलूस में तलवार, भाला और चाकू लहराते भी नजर आ रहे हैं। इस पर रोक लगाई जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा शहर उपाध्यक्ष यदु, दक्षिण मंडल अन्य पिछड़ा वर्ग उपाध्यक्ष माधव साहू, जितेन्द्र साहू, अशोक तिवारी,अगेश्वर वर्मा, प्रवीण मारकंडे, संजय साहू, दीपक देवांगन,पुरुषोत्तम यदु एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
