मानव मंदिर चौक में कांग्रेस के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान हादसा हो गया। शहर कांग्रेस की उपाध्यक्ष सविता ठाकुर जलते पुतले की चपेट में आ गई। जिससे उनका बाल और पीठ का हिस्सा जल गया। सविता ठाकुर को तत्काल मेडिकल कॉलेज हाॅस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
राज्य सभा में छग की महिला सांसदों के साथ अभद्रता का आरोप लगाकर कांग्रेसी पीएम मोदी का पुतला दहन करने जुटे थे। बुधवार दोपहर कांग्रेस पदाधिकारी कांग्रेस भवन से पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए मानव मंदिर चौक पर पहुंचे। इसी दौरान एक पदाधिकारी ने पुतले पर आग लगा दी। पुतले पर लगी आग की लपटों ने उपाध्यक्ष सविता ठाकुर को चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सविता ठाकुर के बाल और पीठ के हिस्से में आग फैल गई। सीएसपी लोकेश चंद्राकर सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद सविता को हाॅस्पिटल पहुंचाया।
