अस्पताल एवं स्कूल के मरम्मत तथा रंगरोगन समय-सीमा में करने के दिए निर्देश
बैंक के नाम से होने वाली धोखाधड़ी एवं चिटफंड कंपनी से बचने के लिए जनसामान्य में जागरूकता लाएं
लो वोल्टेज एवं पावर कट की समस्या का समाधान करने दिए निर्देश
कुपोषण दूर करने के लिए सामुदायिक सहभागिता जरूरी
साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक संपन्न
राजनांदगांव 17 अगस्त 2021। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि अस्पताल एवं स्कूल के रखरखाव एवं रंग-रोगन के कार्य में गति लाएं। इसे प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें। सभी विकासखंडों में एक हिन्दी मीडियम स्कूल मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाना है। जिसे चिन्हांकित कर इस दिशा में कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार स्वामी आत्मानंद स्कूल भवन निर्माण का कार्य समय-सीमा में करें। 15 सितम्बर तक लैब निर्माण का कार्य हो जाना चाहिए। जल्द ही स्कूलों में अध्यापन कार्य प्रारंभ करें। स्कूल के लिए प्रतिनियुक्ति पर जिन शिक्षकों का चयन किया गया है उन्हें कार्य मुक्त करें। स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति होनी चाहिए। बिना कारण अनुपस्थित होने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएसईबी के कार्यपालन अभियंता से कहा कि लो वोल्टेज एवं पावर कट की समस्या का समाधान करना सुनिश्चित करें। लोक सेवा गारंटी शासन की प्राथमिकता है। इसका प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए जनसामान्य के आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करना है। साथ ही प्रत्येक सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क हितग्राहियों से लें, इसमें शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। प्रमाण पत्र तैयार करने में जिन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी उनकी सूची केन्द्र में चस्पा करें। उन्होंने कहा कि बैंक के नाम से होने वाली धोखाधड़ी एवं चिटफंड कंपनी से बचने के लिए जनसामान्य में जागरूकता लाएं कि किसी भी व्यक्ति को अपना आधार कार्ड एवं बैंक खाता नंबर तथा अन्य व्यक्तिगत जानकारी न दें। कलेक्टर श्री सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उक्त बातें कही।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को जोड़ा जाना चाहिए। सभी ग्राम पंचायतों में युवाओं को खेल गतिविधियों से जोडऩे के लिए क्लब का गठन करें। इसमें 15 से 35 वर्ष आयु तक के युवाओं को जोड़ा जाए। धान संग्रहण केन्द्र में चबूतरों के लिए शेड स्वीकृत किया गया है, इसमें कार्य प्रारंभ करें। धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले निर्माण कार्य पूरा करें। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि जिले में कुपोषण दूर करने के लिए सुपोषण अभियान प्रारंभ किया गया है। इसमें सामुदायिक भागीदारी जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के साथ मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सरपंच, सचिव, बच्चों के अभिभावक, जनभागीदारी समितियों जोड़कर कार्य करें। डोर-टू-डोर संपर्क, हेल्थ कार्ड, पौष्टिक भोजन तथा बच्चे और मां के स्वास्थ्य की देखभाल कर कुपोषण को दूर किया जा सकता है। उन्होंने अभियान चलाकर अवैध प्लाटिंग पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौका जांच करें और अवैध निर्माण को तोडऩे की कार्रवाई करें। उन्होंने गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि गौठानों में स्वसहायता समूह के कार्य करने का स्थान अलग होना चाहिए वहीं चारागाह तथा मवेशियों का क्षेत्र अलग होना चाहिए। गौठानों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को आय प्राप्त हो इसके लिए कार्य करें। गौठानों के पेड़ में चबूतरा बनाएं वहां पानी, बिजली, चारा सभी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन, वृक्षारोपण, पशुपालन के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र का सहयोग लें। कृषि संबंधी गतिविधियों के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास तथा अन्य विभाग के अधिकारियों को प्रशिक्षण दें। जिससे इस कार्य को गुणवत्तापूर्वक किया जा सके।
जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर ने कहा कि गौठानों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य करें। जिले के 100 गौठानों को मॉडल गौठान के रूप में विकसित किया जाना है। इन गौठानों में शेड निर्माण, वृक्षारोपण, फेंसिंग, पानी की व्यवस्था, चारागाह, बिजली, गौठान समिति तथा मवेशियों का गौठान में आना सुनिश्चित होना चाहिए। इन गौठानों में स्वसहायता समूहों द्वारा विभिन्न गतिविधियां होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट निर्माण तथा विक्रय में तेजी लाएं। जिन गौठानों में शेड निर्माण की स्वीकृति दी गई है, वहां कार्य प्रारंभ कर जल्द ही पूरा करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री हाट बाजार शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। जिन स्थानों पर हाट बाजार क्लीनिक लगाया जाना है, उसकी तिथि निश्चित होनी चाहिए तथा आसपास के गांवों को भी इसकी जानकारी होना चाहिए।
इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी राजनांदगांव श्री एन गुरूनाथन, वनमंडलाधिकारी खैरागढ़ श्री संजय यादव, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम राजनांदगांव श्री मुकेश रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफे्रसिंग के जरिए सभी एसडीएम एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।
