सुपेला चौक में नेशनल हाइवे पर बने रहे ओवरब्रिज में गर्डर कास्टिंग और लांचिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए 18 अगस्त से चौक को पटरीपार और टाउनशिप के बीच आने-जाने वालों के लिए बंद किया जा रहा है। वह चौक को सीधे पार नहीं कर पाएंगे। यह पाबंदी करीब तीन महीने तक रहेगी।
टाउनशिप से पटरीपार आने वालों को करीब 30 मीटर दूर पान ठेले या आईसीआईसी बैंक तक जाना होगा। वहीं पटरीपार क्षेत्र से टाउनशिप जाने वालों को हनुमान मंदिर तक आना होगा। यहां पर अस्थायी मीडियन कट बनाया गया है। गर्डर कास्टिंग और लांचिंग के काम को देखते हुए सोमवार को ट्रैफिक और राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के अफसरों ने स्थल निरीक्षण किया। फिर टाउनशिप और पटरीपार वालों के लिए मीडियन कट बनाने और नेशनल हाइवे का उपयोग करके दुर्ग और रायपुर की ओर आने-जाने वालों को अप्रभावित रखने का फैसला किया गया। इससे रायपुर से दुर्ग और राजनांदगांव से रायपुर आने जाने वाले वाहनों को असुविधा नहीं होगी। हाइवे के ट्रैफिक को नहीं रोका जाएगा। सिर्फ बीच में काम होगा। रात में होगा गर्डर लांचिंग का काम: एनएचएआई के अफसरों की मानें तो सुपेला चौक में गर्डर लांचिंग का काम रात में किया जाएगा। इस दौरान ट्रैफिक कम रहती है। गर्डर को सुपेला चौक तक लाना और क्रेन के जरिए पिल्लर के ऊपर रखेंगे।
30-30 मीटर दूर लगे टीन शेड हटाए ताकि सुविधा हो
यातायात पुलिस ने व्यवस्था केलिए चौक के दोनों तरफ लगे 30-30 मीटर दूर लगे टीन शेड हटा दिए हैं। इससे वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। अभी इसे प्रायोगिक तौर पर शुरू किया गया है। 18 से इसका सही तरीके से इस्तेमाल करना शुरू किया जाएगा। इसके लिए लोगों को चौक से बाएं ओर मोड़ लेकर मीडियन कट तक जाना होगा। इसके बाद दाएं मोड़ लेकर सड़क पार करना होगा। इस तरह सुपेला चौक पार सकेंगे।
हनुमान मंदिर के सामने बने कट का करेंगे उपयोग
सुपेला मार्केट व नेहरू नगर सेआने वाले वाहन चालकों को टाउनशिप जाना है तो उन्हें हनुमान मंदिर के सामने बने मीडियन कट का प्रयोग करना होगा। नेहरु नगर और सुपेला के ट्रैफिक को टाउनशिप की तरफ जाने चौक पार करना होगा। चौक से करीब 30 मीटर दूरी पर हनुमान मंदिर के सामने कट बना है। इससे टाउनशिप जाने वाले लोग मीडियन कट के जरिए हाइवे पर आएंगे, फिर इसके बाद चौक के बगल से सुपेला फाटक की ओर जा सकेंगे।
सुपेला मार्केट की तरफ जाने इस तरह जाना होगा
टाउनशिप से चंद्रा मोर्या व सुपेला मार्केट की तरफ जाने वाले ट्रैफिक के लिए 30 मीटर दूरी पर होतवानी ऑटो के सामने कट बनाया है। चंद्रा मौर्या से सुपेला मार्केट की तरफ आने वाले वाहन चालकों को घड़ी चौक को क्रास करने के लिए होतवानी ऑटो के सामने बने कट के जरिए हाइवे पर आना होगा। सुपेला मार्केट की तरफ वाहन जा सकेंगे। जबकि नेहरु नगर की ओर जाने वाले चालक चौक पार कर सीधे आगे बढ़ सकेंगे।
रांग साइड गए तो तैनात पुलिस करेगी कार्रवाई
सुपेला और टाउनशिप के यातायात को सुचारू बनाने के लिए सुपेला चौक के आस पास अस्थाई तौर पर रोटरी सिस्टम बनाया गया है, ताकि वाहन चालकों को रांग साइड जाने से रोका जा सके। दोनों तरफ के वाहन चालकों को सिर्फ चौक से 30-30 मीटर आगे जाकर अस्थाई मीडियन कट का उपयोग करना पडेगा। वाहन चालक अगर रांग साइड जाएंगे तो कार्रवाई होगी। दोनों कट के पास अलग से पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
