वनांचल क्षेत्र मोहला ब्लॉक के अंतिम छोर के गांव मजियापारा, पेन्दाकोड़ो, नाड़ेकल, रानाटोला, झरन व मोहला में गौठान, गिरदावरी कार्य, स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास कार्यों का निरीक्षण कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने किया। ग्राम मजियाटोला में गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया और मौके पर नक्शे से फसल का रकबा मिलान कर गिरदावरी कार्यों की जांच की।
शत-प्रतिशत गिरदावरी कार्य को ईमानदारी पूर्वक करने के निर्देश दिया। वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी मोहला द्वारा वर्मी कम्पोस्ट एवं राजीव गांधी किसान न्याय योजना में कार्य नहीं होने एसडीएम को उनके विरुद्ध कार्रवाई करने कहा। धान के बदले अन्य फसल लेने के लिए किए गए कार्य की भी जानकारी ली। जिन अधिकारियों द्वारा कार्यों में लापरवाही की गई है और ऐसे अधिकारी जो बैठक में उपस्थित नहीं होते उन पर सख्त कार्रवाई करने कहा।
भवन निर्माण समय सीमा में करेें
ग्राम पेन्दाकोड़ो में लगभग तीन करोड़ दो लाख की लागत से 100 सीटर कस्तूरबा गांधी आवासीय महिला परिसर निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। भवन निर्माण समय-सीमा में जल्द ही पूरा करने कहा। भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्वक होना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता की जांच के लिए लैब टेस्टिंग कराने कहा। बच्चों के लिए स्कूल बनाया जा रहा है इसमें गुणवत्ता की सामग्रियों का प्रयोग करें।
नाड़ेकल, रानाटोला और झरन के गौठान पहुंचे: ग्राम नाड़ेकल, रानाटोला और झरन के गौठान का निरीक्षण किया। महिला स्व सहायता समूह द्वारा किए जा रहे कार्यों व गोबर खरीदी-विक्री की जानकारी ली। गौठान में बाड़ी, चारागाह व स्व सहायता समूह के कार्यों के लिए क्षेत्र अलग रहे। पशुओं का जगह अलग होना चाहिए। इसके लिए कार्ययोजना बनाकर इस दिशा मेंं काम करें। गौठान में महिला स्व सहायता समूह से विभिन्न आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली। वर्मी टैंक में कम्पोस्ट का निर्माण हो गया है, उसे छनाई कर विक्रय के लिए तैयार करें।
गौठानों में अधिक से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाए। समूह की महिलाओं ने बताया कि गौठानों के बाड़ी में सब्जियां लगाई है और चारागाह में नेपियर घास लगाया गए हैं। ग्राम नाड़ेकल में वनधन केन्द्र में महिला समूह द्वारा चलाए जा रहे दाल प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया। मल्टीएक्टिीविटी कार्य के लिए इस गोदाम का उपयोग करने कहा। इसका उपयोग अधिक से अधिक करने योजना बनाएं।
पौधरोपण के साथ इसकी सुरक्षा भी जरूरी
ग्राम झरन में साढ़े सात एकड़ क्षेत्र में पौधरोपण का अवलोकन किया। पौधरोपण के साथ इसकी सुरक्षा भी जरूरी है। पौधों के मध्य इंटरक्रापिंग में अलग-अलग पौधे लगाएं। पौधों के लिए गौठान में निर्मित वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करें। मुख्यमंत्री पौधरोपण प्रोत्साहन योजनांतर्गत राशि मिलने से लाभ प्राप्त होगा। अन्य क्षेत्रों में भी पौधरोपण किया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, मोहला एसडीएम ललितादित्य नीलम, तहसीलदार कुलदीप ठाकुर, जनपद सीईओ जीएल चुरेन्द्र सहित अन्य मौजूद थे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरम्मत व रंग रोगन कराएं
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में जन औषधि, प्रसूतावार्ड, सामान्य वार्ड, पुरूष वार्ड, महिला वार्ड, कोविड टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया। जन औषधि केन्द्र में दवाई विक्रय की जानकारी ली। हॉस्पिटल में प्रतिदिन ओपीडी में आने वाले मरीजों, लैब टेस्टिंग और संस्थागत प्रसव की जानकारी ली। हॉस्पिटल में मरम्मत व रंग रोगन कार्य कराने कहा। स्वास्थ्य केन्द्र के डॉक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना के अंतर्गत चार मेडिकल वाहन कार्य में हैं। इसमें दवाईयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। लैब, कम्प्यूटर एवं बच्चों की कक्षाएं आकर्षक होनी चाहिए। पुराने भवन को तोड़कर बाउंड्रीवॉल बनाएं। इससे बच्चों को पार्किंग और प्ले एरिया सुरक्षित मिलेगा।
