राजनांदगांव । राज्यसभा में सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद फुलादेवी नेताम एवं छाया वर्मा के साथ दुर्व्यवहार को लेकर प्रधानमंत्री का पुतला जलाया गया। युकांइयों ने कहा कि यह घटना लोकतंत्र की हत्या करने जैसी है। संसद के मानसून सत्र के दौरान पूरे समय टकराव की स्थिति रही।
विपक्षी दल लगातार हमलावर रहा। अंतिम दिन भी काफी हंगामा हुआ। उसी दौरान राज्यसभा में महिला सांसदों के साथ मार्शलों द्वारा कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। इसी के विरोध में मानव मंदिर चौक पर युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के राजनांदगांव विधानसभा अध्यक्ष चेतन भानुशाली के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। युकांइयों ने कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र को तार-तार करन रही है। सरकार ने लोकसभा एवं राज्यसभा में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया।
अपनी बात रखना चाहते थे भानुशाली ने कहा कि जिस तरह से लोकसभा और राज्यसभा में केंद्र सरकार द्वारा विपक्ष की आवाज दबाई गयी, वह लोकतंत्र की हत्या का प्रयास है। विपक्ष का काम सरकार द्वारा किये जा रहे गलत निर्णयों का विरोध करना है। विपक्ष तो चाहता था कि पेगासस जासूसी कांड, महंगाई, किसानों के मुद्दों पर चर्चा हो।पेट्रोलियम के दामों के बढ़ती कीमतों को लेकर राज्यसभा एवं लोकसभा में अपनी बात रखना चाहते थे। लेकिन पूरे सत्र के दौरान सरकार विपक्ष की अनदेखी करती रही और लोकतंत्र का गला घोटा गया।
महिला सांसद सुरक्षित नहीं प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिला सांसदों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। राज्यसभा में महिला सांसद सुरक्षित नहीं है, तो फिर देश का लोकतंत्र कैसे चलेगा। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर शहर युवा कांग्रेस द्वारा आज उग्र आंदोलन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन मानव मंदिर चौक में किया गया। प्रदर्शन में नितिन बतरा, राजिक सोलंकी, प्रीति वैष्णव, निखत परवीन, गोलू नायक, विरेन्द्र चंद्राकर, लक्ष्मण साहू, दिलू साहू, तारा साहू, पुनीत भारती, राहुल बंदे, राजा चौहान, आशीष साहू, अंकित धकेता, हर्ष साहू, अभिमन्यु मिश्रा, अंकुर मिश्रा, प्रफुल्ल तायड़े, प्रतीक अग्रवाल, दिव्यांश चौरड़िया, सोहेल खान, शेख आसिफ, लोकेश, विनोद गेंद्रे, राकेश चंद्राकर, राहुल गजभिए, संजय साहू, परवीन लहरे, गौतम निषाद, राजू साहू, लेकू यादव सहित बड़ी संख्या में युकां कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
