तुमड़ीबोड सहित आसपास के गांव के ग्रामीण बिजली गुल की समस्या से त्रस्त हो गए हैं। क्षेत्र में आए दिन रात को बिजली सप्लाई बंद कर दी जा रही है। गुरुवार रात को भी देर तक बिजली गुल रही। अफसरों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया।
जेई और एई को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े ग्रामीण रास्ता नहीं छोड़ रहे थे। लगभग ढाई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने रास्ता क्लियर करने के लिए बलपूर्वक ग्रामीणों को हटाया तब जाकर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। ग्रामीणों ने बताया कि रात को 9 बजे बिजली गई तो तुमड़ीबोड स्थिति बिजली दफ्तर में संपर्क किया गया। अफसरों ने बताया कि आधे घंटे बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी पर एक घंटे बीत जाने के बाद भी गांवों में अंधेरा छाया रहा। इसके बाद भी अफसरों ने रिस्पांस नहीं दिया तो तुमड़ीबोड, मचानपार, दीवान झिटिया, किरगी, कोपेडीह, भानपुरी, पेटेश्री के ग्रामीण एकत्रित हुए और सबसे पहले पुलिस चौकी में चक्काजाम के लिए अनुमति मांगी।
जाम में फंसे रहे लोग
पुलिस अफसरों ने बिजली कंपनी के अफसरों से चर्चा करने की बात कही। कोई रास्ता नहीं निकला तो आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम शुरू कर दिया। हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सीएसपी सहित विभिन्न थानों की टीम मौके पर पहंुची। बिजली कंपनी के तुमड़ीबोड क्षेत्र के जेई डीएस खोब्रागढ़े ने बताया कि राजनांदगांव स्थित 132 केवी सब स्टेशन का जंफर कट गया था। लाइन मेंटेनेंस में व्यस्त होने की वजह से मौके पर पहंुच नहीं पाए।
