लगातार बारिश होने से बांधों में पानी भरने एवं मोंगरा जलाशय से पानी छोड़ने के कारण मोहारा एनीकट ओवर फ्लो होने पर गत माह मोहारा एनीकट का गेट खुलवाया गया था। वर्तमान में कम वर्षा होने से एनीकट में जल भराव कम होने पर मोहारा एनीकट के गेट को पुनः गुरुवार को बंद कराया गया।
आयुक्त डॉ.आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि गत सप्ताह लगातार बारिश होने के कारण मोंगरा जलाशय से पानी छोड़ा गया। इससे मोहारा एनीकट ओवरफ्लो हो गया था। वर्तमान में जल प्रदाय विभाग के ईई कामना सिंह यादव सहित जल प्रभारियों द्वारा मोहारा एनीकट का प्रतिदिन निरीक्षण किया जा रहा है। 4 अगस्त को निरीक्षण में यह पाया गया कि एनीकट का ओव्हर फ्लो बंद होने से एनीकट में जल भराव कम हो रहा है। जल भराव कम होने पर 5 अगस्त को मोहारा एनीकट के गेट को बंद कराया गया, ताकि शहरवासियों को पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध कराया जा सके।
एक माह में 125 सैंपल लिए, सभी की रिपोर्ट ओके
आयुक्त डॉ.चतुर्वेदी ने बताया कि मोहारा फिल्टर प्लांट के लैब में जल का परीक्षण प्रतिदिन किया जा रहा है। प्लांट के उच्च स्तरीय जलागार एवं निजी नल कनेक्शन के जल का कोलीफार्म बैक्टीरिया परीक्षण के लिए सैंपल प्रतिदिन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को प्रेषित किया जा रहा है। इसमें से जुलाई माह में 27 जुलाई तक कुल 125 जल सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। परीक्षण रिपोर्ट समस्त मानकों में सही पाया गया है।
