25000 डोज कोवीशील्ड और 8000 डोज कोवैक्सीन बुधवार की शाम दुर्ग पहुंच गई। गुरुवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी 178 केंद्रों पर टीकाकरण होगा। कोवीशील्ड और कोवैक्सीन दोनों काे पहले और दूसरे डोज के तौर पर लगाएंगे। कौवैक्सीन में दूसरी डोज लगवाने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। शहरी क्षेत्र में सबसे ज्यादा 34 सेंटर भिलाई में, सबसे कम 11 सेंटर रिसाली में और ग्रामीण क्षेत्र में सबसे ज्यादा 39 सेंटर निकुम व सबसे कम 30 सेंटर पाटन में बने हैं।
हर सेंटर सुबह 7 बजे तक अपने-अपने नजदीकी कोल्ड चेन प्वाइंट से कोटा अनुसार वैक्सीन उठा लेंगे। 8 बजे से वैक्सीनेशन शुरू कर दिया जाएगा। बुधवार की शाम में सेंटर वार वेरिफायर और वैक्सीनेटर की ड्यूटी लगा दी गई है। वैक्सीन आने के साथ केंद्रों में भीड़ जुटना तय माना जा रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने निकाय व पंचायत स्तर सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस विभाग के जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई है। ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थित न बने। सेंटरों में टोकन सिस्टम भी लागू किया गया है, ताकि वैक्सीनेशन हो सके।
बुधवार को 210 डोज के बाद खत्म हो गई थी वैक्सीन, लोग परेशान हुए
बुधवार को जिले के पांच सेंटरों पर कुल 210 डोज लगने के बाद वैक्सीन खत्म हो गई थी। दोपहर बाद सभी सेंटरों पर ताला लग गया था। शाम में 33000 डोज आ गई, इसलिए गुरुवार से फिर वैक्सीनेशन शुरू हो पाया। हर सेंटर पर दोनों वैक्सीन की दोनों खुराक लगाएंगे। इधर सोमवार को वैक्सीन खत्म होने के बाद भी लोग केंद्रों तक जानकारी लेने पहुंचते रहे। मुख्य रूप से दूसरा डोज लगवाने के लिए लोग पहुंचे। उन्हें केंद्रों से सही जानकारी नहीं मिल पाई। उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
780 रु. में निजी अस्पताल में भी कोवीशील्ड लगना शुरू, जारी की गई अनुमति
दुर्ग में संचालित निजी अस्पताल में भी कोवीशील्ड वैक्सीन लगाई जा रही है। अंतर यह कि यहां पहुंचने वालों को सरकार द्वारा हर डोज के लिए निर्धारित शुक्ल 780 रुपए जमा करने पड़ रहे हैं। इस अस्पताल ने कुल 600 डोज कोवीशील्ड मंगाया था। अब 300 डोज रह गई है। हेल्थ विभाग द्वारा ऐसे केंद्रों को अनुमति जारी की गई है। आगामी दिनों में जिले के अन्य केंद्रों में भी अनुमति जारी किए जाने की तैयारी है, ताकि हेल्थ विभाग में बनाए गए केंद्रों में भीड़ कम हो सके।
