वन विभाग में वनरक्षक के पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर दो लोगों से धोखाधड़ी हो गई है। मामला गंडई का है। पीड़ितों ने गंडई थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने शंकरपुर में रहने वाले आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक शंकरपुर निवासी श्याम वर्मा ने गंडई के घनश्याम मानिकपुरी और टुकेश राजपूत को अपने झांसे में लिया। जून 2020 में दोनों को वन विभाग में नौकरी लगवाने की बात कही। नौकरी के लिए दोनों से चार-चार लाख रुपए की डिमांड की। दोनों पीड़ित श्याम वर्मा के झांसे में आ गए।
टुकेश राजपूत ने 2 लाख और घनश्याम ने एक लाख रुपए बतौर एडवांस श्याम वर्मा को दे दिया। इसके बाद भी दोनों को नौकरी नहीं मिली। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगनी शुरु की तो श्याम वर्मा आनाकानी करने लगा। कुछ दिन बार फोन भी रिसीव करना बंद कर दिया। इससे परेशान होकर दोनों पीड़ितों ने गंडई थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
