राजनांदगांव। सुरगी नर्सरी के पास डंप रेत में कोटराभाठा निवासी 40 वर्षीय धनेश साहू की लाश मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। धनेश की गला रेतकर धारदार हथियार से हत्या कर आरोपितों ने लाश को रेत में छिपा दिया था। मृतक धनेश की मोटर साइकिल भर्रेगांव के डेम में मिली है। हत्या की सूचना के बाद सुरगी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन संदेहियों को भी उठाया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। सुरगी पुलिस चौकी प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि हत्या मामले की जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लेंगे।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा भर्रेगांव डेम में ग्रामीणों ने मोटर साइकिल देखी, जिसके बाद पुलिस को इसकी खबर दी। नदी के पास चप्पल भी मिला। मोटर साइकिल को बाहर निकालने के बाद पतासाजी की गई तो पता चला कि बाइक कोटराभाठा के धनेश साहू की है। पुलिस भर्रेगांव डेम में धनेश के डूबने की आशंका व्यक्त कर रेस्क्यू आपरेशन चला रही थी, तभी सुरगी नर्सरी के पास डंप रेत में एक युवक की लाश मिली है। पुलिस ने रेत से लाश बाहर निकाली तो उसकी पहचान धनेश के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस विवेचना में जुट गई है।
संदेहियों से पूछताछ कर रही पुलिस डंप रेत में मिली धनेश की लाश बरामद कर सुरगी पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। धनेश के गले में गहरा निशान है। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने धारदार हथियार से गला रेतकर धनेश की हत्या की है। धनेश की बाइक भर्रेगांव डेम में मिली है। इसको लेकर पुलिस भी हैरान है। मामले में तीन संदेहियों को पुलिस ने उठाया है। उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
